भारत में महिंद्रा की 5 नई आगामी एसयूवी – XUV300 फेसलिफ्ट से लेकर 5-डोर थार तक

5-Door Mahindra Thar

यहाँ उन 5 महिंद्रा कारों के बारे में जानकारी दी गई है, जिन्हें ब्रांड निकट भविष्य में भारतीय बाजार में लॉन्च करने की योजना बना रही है

महिंद्रा वर्तमान में भारतीय बाजार में सबसे ज्यादा बिकने वाले एसयूवी ब्रांडों में से एक है और कंपनी के पोर्टफोलियो में नई स्कॉर्पियो-एन, थार से लेकर एक्सयूवी700 जैसी कई लोकप्रिय कारें हैं। वहीं कंपनी ने हाल ही में पाँच नई इलेक्ट्रिक कारों के कॉन्सेप्ट का अनावरण किया है, जबकि ब्रांड के पास भारत में पांच और नई एसयूवी को भी लॉन्च करने की योजना है। हम यहाँ आपको महिंद्रा की इन्हीं पाँच आगामी एसयूवी के बारे में बताने जा रहे हैं।

1. महिंद्रा एक्सयूवी400 इलेक्ट्रिक

भारत में महिंद्रा एक्सयूवी400 इलेक्ट्रिक का जल्द ही डेब्यू होने की उम्मीद है और यह एक्सयूवी300 के समान प्लेटफार्म का उपयोग करेगी। हालाँकि एक्सयूवी400 मौजूदा कार के मुकाबले ज्यादा लंबी होगी और इसमें ज्यादा व्यावहारिक केबिन देखने को मिलेगा। माना जा रहा है कि इसमें एक बार चार्ज होने पर लगभग 350 किमी की रेंज होगी और इसका मुकाबला टाटा नेक्सन ईवी से होगा।

mahindra xuv400 electric

2. महिंद्रा एक्सयूवी300 फेसलिफ्ट

पिछले कुछ समय से महिंद्रा ने देश में एक्सयूवी300 लाइन-अप को अपडेट किया है और अब अगले कुछ महीनों में इसके फेसलिफ्ट मॉडल के लॉन्च होने की उम्मीद है। नई एक्सयूवी300 फेसलिफ्ट को कई कॉस्मेटिक अपडेट के साथ एक ज्यादा शक्तिशाली पेट्रोल पावरट्रेन और स्पोर्टज़ एडिशन भी मिलेगा। हालाँकि इसका डीजल इंजन समान रहने की उम्मीद है।

3. महिंद्रा बोलेरो नियो प्लस

महिंद्रा बोलेरो नियो वर्तमान में ब्रांड की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही है और जल्द ही इसे एक नया तीन-पंक्ति वाला विस्तारित वर्जन मिलने की उम्मीद है। इसे पावर देने के लिए 2.2 लीटर mHawk डीजल इंजन मिलेगा और यह खरीददारों के लिए 7 और 9 सीट के साथ उपलब्ध होगी। बोलेरो नियो प्लस को 2023 की शुरुआत में पेश किया जा सकता है।

Mahindra 5 Door Thar Rendering
Pic Source : SRK

4. महिंद्रा थार 5-डोर

महिंद्रा थार के 5-डोर वर्जन के भी 2023 के मध्य के बाद ही लॉन्च होने की उम्मीद है। इसे मौजूदा थार के ज्यादा व्यावहारिक विकल्प के रूप में पेश किया जाएगा, जहाँ इसमें ज्यादा बड़ा आकार और बड़ा केबिन देखने को मिलेगा। हालाँकि इसका पावरट्रेन मौजूदा वर्जन की तरह समान रहने की उम्मीद है। इसका मुकाबला आगामी मारुति सुजुकी जिम्नी और आगामी फोर्स गुरखा 5-डोर से होगा।

5. महिंद्रा केयूवी100 इलेक्ट्रिक

महिंद्रा भारत में केयूवी100 के भी इलेक्ट्रिक वर्जन को पेश करने की योजना बना रही है, जो कि ब्रांड की लाइन-अप में सबसे सस्ती पेशकश होगी। इसे देश में eKUV100 का नाम दिया जा सकता है और यह भारत में सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार भी हो सकती है। इसमें एक बार चार्ज होने पर लगभग 200 किमी की रेंज होने की उम्मीद है। हालाँकि कंपनी ने अभी तक भारत में eKUV100 की आधिकारिक लॉन्च टाइमलाइन की जानकारी नहीं दी है।