
महिंद्रा बोलेरो नियो प्लस के आने वाले महीनों में लॉन्च होने की उम्मीद है, जबकि 5-डोर थार की वैश्विक शुरुआत इस साल के अंत में हो सकती है
भारतीय कार निर्माता कंपनी महिंद्रा के साल 2023-24 तक 5 नई एसयूवी को लॉन्च करने की उम्मीद है। उम्मीद है कि आने वाले 12 महीनों के अंदर इन्हे ग्राहकों के बीच पेश कर दिया जाएगा। हम अपने इस लेख में इनके बारे में ही चर्चा करने जा रहे है। महिद्रा की आने वाली एसयूवी की लिस्ट में महिंद्रा XUV.e8 से लेकर नई जेनेरशन महिंद्रा XUV500 तक शामिल हैं।
1. महिंद्रा XUV.e8
महिंद्रा की इलेक्ट्रिक वाहन की नई सीरीज में सबसे पहले महिंद्रा XUV.e8 को पेश किया जाएगा। इसे XUV.e9 की शुरुआत से पहले दिसंबर 2024 में लॉन्च किया जा सकता है। INGLO आर्किटेक्चर पर आधारित, XUV.e8 की कुल लंबाई 4,740 मिमी, चौड़ाई 1,900 मिमी और ऊंचाई 1,760 मिमी है और व्हीलबेस की लंबाई 2,762 मिमी है। इस इलेक्ट्रिक एसयूवी में AWD सिस्टम भी होगा और इस प्रकार ये कार एक डुअल मोटर सेटअप से लैस होगी।
2. महिंद्रा बोलेरो नियो प्लस
महिंद्रा बोलेरो नियो प्लस के आने वाले महीनों में लॉन्च होने की उम्मीद है। कंपनी इसे स्कॉर्पियो क्लासिक के नीचे रखेगी। यह 7 और 9 सीटों के साथ उपलब्ध होगी। ये कार 1.5 लीटर डीजल इंजन द्वारा संचालित होगी, जो 100 एचपी की पावर प्रदान करेगा। इसे 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा जाएगा।
3. 5-डोर महिंद्रा थार
महिंद्रा थार का 5-डोर वेरिएंट 2024 की शुरुआत में बिक्री पर जाने से पहले इस साल के अंत में बाजार में अपनी शुरुआत कर सकता है। ये एसयूवी 2.2 लीटर डीजल और 2.0 लीटर पेट्रोल इंजन विकल्प के साथ उपलब्ध होगी। महिंद्रा इसका 2WD वेरिएंट भी पेश कर सकती है। उम्मीद है कि इस कार की व्यावहारिकता में सुधार होगा।
4. महिंद्रा XUV700 फेसलिफ्ट
महिंद्रा एक्सयूवी700 ने 2021 में बाजार में अपनी शुरुआत के बाद से एक बड़ा प्रभाव डाला है और निकट भविष्य में इसे अपडेट मिलने की उम्मीद है। मौजूदा 2.2 लीटर 4-सिलेंडर mHawk डीजल और 2.0 लीटर mStallion टर्बो 4-सिलेंडर पेट्रोल इंजन संभवतः 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन विकल्पों के साथ जारी रहेंगे।
5. नई जेनेरशन महिंद्रा XUV500
उम्मीद है कि महिंद्रा निकट भविष्य में XUV300 कॉम्पैक्ट एसयूवी और XUV700 के बीच एक नयी एसयूवी लॉन्च करेगी। ये मध्यम आकार की एसयूवी XUV500 नेमप्लेट को पुनर्जीवित कर सकती है। आकार की बात करें तो इस कार की कुल लंबाई लगभग 4.3 मीटर होगी। यह XUV300 और XUV400 इलेक्ट्रिक एसयूवी में पाए जाने वाले X100 प्लेटफॉर्म के संशोधित वेरिएंट पर आधारित हो सकती है। आपको बता दें कि इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।