महिंद्रा थार 5-डोर और मारुति सुजुकी जिम्नी की रोड टेस्टिंग शुरू हो गई है और भारत में लॉन्च होने पर यह एक दूसरे की कड़ी प्रतिस्पर्धी होंगी
महिंद्रा ने साल 2020 में अपनी प्रमुख लाइफ स्टाइल एसयूवी थार के दूसरे जेनरेशन को लॉन्च किया था और इसे खरीददारों की जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है और इसकी वेटिंग लिस्ट इस वक्त 12 महीने तक है। वहीं मारूति सुजुकी ने भी 2020 ऑटो एक्सपो में 3-डोर जिम्नी को प्रदर्शित किया था और तब से ही देश में इसके लॉन्च का इंतजार किया जा रहा है।
खबरों की मानें तो दोनों वाहन निर्माता अगले साल जिम्नी और थार के 5-डोर वर्जन को लॉन्च करने की योजना बना रहे हैं। इसी कड़ी में महिंद्रा ने भारत की सड़कों पर नई 5-डोर थार की टेस्टिंग पहले ही शुरू कर दी है। वहीं दूसरी ओर सुजुकी जिम्नी के लॉन्ग-व्हीलबेस 5-डोर वर्जन की यूरोप में टेस्टिंग की जा रही है।
अटकलों की मानें तो 5-डोर जिम्नी इस साल के अंत से पहले ग्लोबल डेब्यू कर सकती है, जबकि इसके 2023 ऑटो एक्सपो में भारत में डेब्यू होने की उम्मीद है। वहीं 5-डोर महिंद्रा थार भी जनवरी में 2023 ऑटो एक्सपो में अपनी शुरुआत करेगी। नई थार मौजूदा वर्जन के मुकाबले एक लंबे व्हीलबेस पर सवारी करेगी, जिसके केबिन में ज्यादा स्पेस होगा।

बता दें कि मौजूदा 3-डोर मॉडल में पीछे की सीटें हैं, लेकिन यह यात्रियों व सामान के लिए जगह नहीं होने के कारण एक पारिवारिक कार नहीं है, जबकि नए वर्जन में इस कमी को पूरा किया जाएगा। इसे मौजूदा वर्जन के 2.0 लीटर टर्बो पेट्रोल और 2.2 लीटर टर्बो डीजल इंजन के साथ पेश किया जाएगा, जबकि ट्रांसमिशन विकल्पों में 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक शामिल होगा।
वहीं मारुति जिम्नी 5-डोर की बात करें तो यह नई सिएरा पर आधारित होगी और इसमें मौजूदा वर्जन के मुकाबले 300 मिमी ज्यादा व्हीलबेस होगा। नई जानकारी के मुताबिक नई जिम्नी की लंबाई 3,850 मिमी, चौड़ाई 1,645 मिमी और ऊंचाई 1,730 मिमी होगी। इसका व्हीलबेस 2,550 मिमी होगा, जबकि ग्राउंड क्लियरेंस 210 मिमी होगा।

कथित तौर पर इस एसयूवी का वजन 1,190 किलोग्राम है, जो 3-डोर सिएरा से 100 किलोग्राम अधिक है। नई सुजुकी जिम्नी को नए डिजाइन एलिमेंट के साथ पेश किया जाएगा और इसके फ्रंट फेसिया में बदलाव होगा। लंबे व्हीलबेस की बदौलत इसका बूट स्पेस भी बढ़ने की उम्मीद है। इसके ब्रेज़ा की तरह 1.5 लीटर K15C पेट्रोल इंजन (माइल्ड हाइब्रिड के साथ) द्वारा संचालित होने की उम्मीद है, जबकि ट्रांसमिशन विकल्पों में 5-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक शामिल होगा।