भारतीय बाजार में 2026 में लॉन्च होंगी 4 नई मिडसाइज़ सेडान, जानें डिटेल्स

volkswagen virtus-6

फॉक्सवैगन, स्कोडा, हुंडई और होंडा जैसे सभी बड़े कार निर्माता अगले साल मिडसाइज़ सेगमेंट में अपने नए मॉडल लॉन्च करने की तैयारी में हैं

नई टाटा सिएरा, नई किआ सेल्टोस, नई रेनो डस्टर और मारुति की पहली इलेक्ट्रिक कार ई-विटारा जैसी एसयूवी इस समय मिडसाइज़ कार सेगमेंट में पूरी लाइमलाइट बटोर रही हैं। लेकिन आने वाले कुछ महीनों में फोकस सेडान कारों पर शिफ्ट होने वाला है। अगले साल 10 से 20 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत रेंज में चार नई मिडसाइज़ सेडान लॉन्च होंगी।

सबसे पहले, मार्च 2023 में लॉन्च हुई हुंडई वर्ना का फेसलिफ्ट मॉडल 2026 की दूसरी तिमाही की शुरुआत में आ सकता है। नई वर्ना का डिजाइन पहले से ज्यादा शार्प और स्पोर्टी होगा, जो 8वीं जनरेशन सोनाटा से प्रेरित होगा। तस्वीरों से पुष्टि हो चुकी है कि 2026 हुंडई वर्ना में नया फ्रंट बंपर, अपडेटेड स्प्लिट हेडलैंप और नया फ्रंट ग्रिल मिलेगा। इसके अलावा, 16-इंच के नए अलॉय व्हील्स, कनेक्टेड टेललैंप्स और रियर बंपर में भी नया डिजाइन देखने को मिलेगा।

केबिन की बात करें तो इसमें बड़े 12.3-इंच के दो डिस्प्ले दिए जाएंगे, जो नए ccNC ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करेंगे। वायरलेस एप्पल कारप्ले और वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो स्टैंडर्ड तौर पर मिलने की उम्मीद है, जिसके लिए किसी एडॉप्टर की जरूरत नहीं होगी। इंजन और गियरबॉक्स ऑप्शन मौजूदा मॉडल के जैसे ही रहने की संभावना है।

Hyundai Verna

साल के दूसरे हिस्से में स्कोडा स्लाविया का फेसलिफ्ट लॉन्च किया जाएगा, जिसके कुछ समय बाद फॉक्सवैगन वर्टस का अपडेटेड वर्जन भी आएगा। दोनों वोक्सवैगन ग्रुप की सेडान में कॉस्मेटिक बदलाव देखने को मिलेंगे, जिनमें नया बंपर डिजाइन, अपडेटेड हेडलैंप और टेललैंप, नया ग्रिल और 16-इंच के नए अलॉय व्हील्स शामिल हो सकते हैं।

इंटीरियर में 10-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम बड़े सॉफ्टवेयर अपडेट्स और नए फीचर्स के साथ आ सकता है। इसके अलावा बेहतर रिवर्स पार्किंग कैमरा और लेवल-2 ADAS जैसे एडवांस्ड सेफ्टी फीचर्स भी मिलने की उम्मीद है। स्कोडा स्लाविया और फॉक्सवैगन वर्टस में मौजूदा इंजन ऑप्शंस बरकरार रहेंगे और 7-स्पीड ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स जारी रहेगा, हालांकि 6-स्पीड ऑटोमैटिक की जगह नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया जा सकता है, जिसे भारत में ही तैयार किया जाएगा।

honda city facelift-10

साल के दूसरे हिस्से में ही पांचवीं जनरेशन होंडा सिटी का दूसरा फेसलिफ्ट भी लॉन्च होने की उम्मीद है। हालांकि इसमें बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, क्योंकि इसे 2028 में पूरी तरह नए मॉडल से रिप्लेस किया जाना है। मामूली अपडेट्स के तौर पर नए ग्रिल और बंपर, 16-इंच के नए अलॉय व्हील्स और कुछ नए कलर ऑप्शन दिए जा सकते हैं।