फरवरी 2023 में 350 सीसी मोटरसाइकिलों की बिक्री – क्लासिक, बुलेट, CB350, हंटर

royal enfield hunter 350-12

फरवरी 2023 में क्लासिक 350 मोटरसाइकिल 27,461 यूनिट के साथ सूची में पहले स्थान पर रही है, जो फरवरी 2022 में बेचीं गई 30,082 यूनिट की तुलना में सालाना आधार पर 8.71 फीसदी की गिरावट है

भारत में फरवरी 2023 में बेचीं गई 350 सीसी सेगमेंट की मोटरसाइकिलों की बिक्री के आंकड़े सामने आ गए हैं। पिछले महीने देश में इस सेगमेंट की मोटरसाइकिलों की बिक्री 20.06 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 63,900 यूनिट रही है, जबकि फरवरी 2022 में यह आंकड़ा केवल 53,223 यूनिट का था। इस सेगमेंट में पिछले महीने भी रॉयल एनफील्ड की मोटरसाइकिलों का दबदबा देखा गया है और सूची में इसके 5 मॉडल शामिल रहे हैं।

फरवरी 2023 में रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 कुल मिलाकर 27,461 यूनिट की बिक्री के साथ टॉप पर रही है, हालाँकि फरवरी 2022 में इसकी 30,082 यूनिट की बिक्री हुई थी, जो कि सालाना आधार पर 8.71 प्रतिशत की गिरावट है। वहीं अगस्त 2022 में लॉन्च हुई रॉयल एनफील्ड की नई मोटरसाइकिल हंटर 350 सूची में दूसरे स्थान पर रही है।

दरअसल फरवरी 2023 में हंटर 350 की कुल मिलाकर 12,925 यूनिट की बिक्री हुई है, जो कि जनवरी 2023 में बेचीं गई 16,574 यूनिट की तुलना में मासिक आधार पर 22.02 प्रतिशत की गिरावट है। यहाँ ध्यान देने वाली बात यह है कि हाल ही में हंटर 350 की बिक्री का आंकड़ा 1 लाख यूनिट को पार कर गया है। कंपनी ने इसकी लॉन्च के बाद से हर महीने औसतन 16,700 यूनिट की बिक्री की है।

350 सीसी मोटरसाइकिलें फरवरी 2023 फरवरी 2022
क्लासिक 350 (-8.71%) 27,461 30,082
हंटर 350 12,925
बुलेट 350 (28%) 8,232 6,432
मीटिओर 350 (-0.76%) 6,698 6,749
इलेक्ट्रा (49%) 5,109 3,426
होंडा सीबी 350 (-89%) 319 3,099
जावा येज़्दी (-8.15%) 3,156 3,436

इस सूची में बुलेट 350 तीसरे नंबर पर रही है, जो कि फरवरी 2022 में बेचीं गई 6,432 यूनिट की तुलना में पिछले महीनें 27.99 प्रतिशत बढ़कर 8,232 यूनिट रही है। कंपनी इस साल के अंत तक या फिर अगले साल की शुरूआत में बुलेट के नए जेनरेशन को भी पेश कर सकती है। वहीं फरवरी 2023 में मीटिओर 350 की 0.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 6,698 यूनिट की बिक्री हुई है, जबकि फरवरी 2022 में यह आंकड़ा 6,749 यूनिट का था।

रॉयल एनफील्ड कंपनी 350 सीसी सेगमेंट में अपनी इलेक्ट्रा बाइक की भी बिक्री करती है, जिसकी फरवरी 2023 में कुल मिलाकर 5,109 यूनिट की बिक्री हुई है। इसके मुकाबले इलेक्ट्रा की फरवरी 2022 में 3,426 यूनिट की बिक्री की थी, जो कि सालाना आधार पर 49.12 फीसदी की वृद्धि है। वहीं पिछले महीनें होंडा सीबी 350 की बिक्री 89.71 प्रतिशत घटकर केवल 319 यूनिट रही है, जबकि फरवरी 2022 में यह आंकड़ा 3,099 यूनिट का था।

हालाँकि इसकी बिक्री घटने का कारण यह हो सकता है कि खरीदार नई 2023 होंडा सीबी 350 और सीबी 350 आरएस का इंतजार कर रहे थे, जिन्हें कंपनी ने इस महीने की शुरुआत में लॉन्च किया है। अपडेट CB350 और CB350RS को DLX, DLX Pro और DLX Pro Chrome के साथ 3 वेरिएंट में पेश किया है, जहाँ CB350 की कीमत 2.1 लाख से लेकर 2.15 लाख रुपये है, जबकि CB350RS की कीमत 2.15 लाख से लेकर 2.18 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।

नई सीबी350 रेंज को नए पेंट स्कीम के साथ बीएस6 स्टेज 2 मानदंडों को पूरा करने वाला इंजन मिला है। फरवरी 2023 में जावा और येज्दी की मोटरसाइकिलें भी सूची में शामिल रही हैं। पिछले महीने इनकी कुल मिलाकर 3,156 यूनिट की बिक्री हुई है, जो कि फरवरी 2022 में बेचीं गई 3,436 यूनिट की तुलना में सालाना आधार पर 8.15 प्रतिशत की गिरावट है।