2027 Kawasaki KLX230 की कीमत 2026 मॉडल के मुकाबले 35,000 रुपये बढ़ गई है, जबकि इसे पहले की तरह 2 रंगो में खरीदा जा सकता है
कावासाकी इंडिया ने भारत में MY27 KLX230 को 2.19 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर लॉन्च कर दिया है। यह नई बाइक MY26 मॉडल की तुलना में 35,000 रुपये महंगी है, हालांकि इसके मैकेनिकल स्पेसिफिकेशंस में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ड्यूल-स्पोर्ट मोटरसाइकिल को सिंगल स्टैंडर्ड वेरिएंट में पेश किया गया है और यह Lime Green तथा Battle Gray रंगों में उपलब्ध होगी।
इस बार कंपनी ने KLX230 S वेरिएंट भी पेश किया है, जिसकी कीमत स्टैंडर्ड मॉडल के बराबर रखी गई है। इसमें कम सस्पेंशन ट्रैवल के कारण सीट की ऊंचाई 50 मिमी कम हो गई है, जिससे कम हाइट वाले राइडर्स के लिए इसे चलाना आसान होगा।डिजाइन की बात करें तो KLX230 में वही स्लिम ऑफ-रोड बॉडीवर्क, कॉम्पैक्ट LED हेडलाइट, पतला फ्यूल टैंक, ऊंचा फ्रंट मडगार्ड और फ्लैट सीट दी गई है।
इसका डिजाइन कावासाकी की KX-सीरीज ट्रेल बाइक्स से प्रेरित है और इसमें लंबा व ऊंचा राइडिंग स्टांस मिलता है। बाइक में पहले वाला 233 cc एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर, 4-स्ट्रोक इंजन दिया गया है। यह इंजन 7,800 rpm पर 19 PS की पावर और 6,200 rpm पर 19 Nm का टॉर्क पैदा करता है। इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है।

सस्पेंशन के लिए इसमें 37 मिमी टेलीस्कोपिक फ्रंट फोर्क और पीछे Uni-Trak स्विंगआर्म सेटअप दिया गया है। फ्रंट व्हील ट्रैवल 220 मिमी और रियर व्हील ट्रैवल 223 मिमी है, जबकि ग्राउंड क्लीयरेंस 255 मिमी रखा गया है। बाइक 21-इंच फ्रंट और 18-इंच रियर व्हील्स पर चलती है।
ब्रेकिंग के लिए इसमें आगे 290 मिमी डिस्क ब्रेक और पीछे 230 मिमी डिस्क ब्रेक दिया गया है। ABS सिस्टम को बाएं हैंडलबार पर दिए गए स्विच की मदद से बंद भी किया जा सकता है, जिससे ढीली सतहों पर बेहतर नियंत्रण मिलता है। KLX230 की लंबाई 2,110 मिमी, चौड़ाई 830 मिमी और ऊंचाई 1,160 मिमी है। इसका व्हीलबेस 1,370 मिमी, सीट हाइट 880 मिमी, फ्यूल टैंक क्षमता 7.5 लीटर और वज़न 139 किलोग्राम है।

नई MY27 KLX230 में कीमत बढ़ने के अलावा कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। ऐसे में जिन ग्राहकों को बेहतर डील चाहिए, उनके लिए मौजूदा MY26 स्टॉक खरीदना फायदेमंद साबित हो सकता है। गौरतलब है कि KLX230 को भारत में शुरुआत में 3.30 लाख रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया था, जिसे बाद में घटाकर 1.99 लाख और फिर 1.84 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) कर दिया गया था।