Home कार न्यूज़ 2026 थार रॉक्स का टीज़र हुआ जारी, नया स्पेशल एडिशन हो सकता...

2026 थार रॉक्स का टीज़र हुआ जारी, नया स्पेशल एडिशन हो सकता है लॉन्च

Mahindra Thar Roxx (1)

टीज़र को देखकर लगता है कि महिंद्रा थार रॉक्स को भारत में जल्द ही एक स्पेशल एडिशन मिलने की उम्मीद है

हाल ही में महिंद्रा ने XUV 7XO को पेश किया है, जो कि XUV 700 का रीब्रांडेड और ज्यादा प्रीमियम वर्जन है, वहीं XUV 3XO ईवी ने भी बाजार में एंट्री की है। नए साल की शुरुआत के कुछ ही हफ्तों के भीतर अब महिंद्रा एक और नए मॉडल को लॉन्च करने की तैयारी में नजर आ रही है। आधिकारिक टीज़र से कुछ संकेत जरूर मिले हैं, लेकिन कंपनी असल में क्या लाने वाली है, यह अभी देखना बाकी है।

घरेलू ऑटोमेकर महिंद्रा को 2025 के दौरान कई बार अपडेटेड थ्री-डोर थार की टेस्टिंग करते हुए देखा गया था, जिसमें थार रॉक्स (Thar Roxx) से प्रेरित डिजाइन एलिमेंट्स नजर आए थे। हालांकि, बाद में साफ हुआ कि थ्री-डोर थार में बदलाव काफी सीमित होंगे। वहीं, जारी किया गया नया टीज़र 5-डोर थार रॉक्स से जुड़ा हुआ है।

उम्मीद की जा रही है कि यह थार रॉक्स के लिए एक हल्का कॉस्मेटिक अपडेट या फिर कोई स्पेशल एडिशन हो सकता है। टीज़र में साइड प्रोफाइल से साफ दिखता है कि यह बड़ी साइज वाली थार ही है। महिंद्रा के पिछले डार्क थीम लिमिटेड एडिशन मॉडल्स को मिली अच्छी प्रतिक्रिया को देखते हुए, कंपनी एक ब्लैक या डार्क थीम स्पेशल एडिशन भी पेश कर सकती है, जिसमें सीमित यूनिट्स का उत्पादन हो।

2026 Thar Roxx

टीज़र में इस्तेमाल की गई लाइन “The spotlight has found its star” इस बात की ओर इशारा करती है कि यह कोई बड़ा फेसलिफ्ट नहीं, बल्कि नया वेरिएंट या लिमिटेड एडिशन हो सकता है। ऐसे वर्जन में डार्क एक्सटीरियर कलर, ब्लैक-आउट एलिमेंट्स और एक्सक्लूसिव बैजिंग देखने को मिल सकती है।

इंटीरियर में भी अगर कोई बदलाव हुए तो वे भी सीमित ही होंगे, जिनमें नई सीट अपहोल्स्ट्री, अलग ट्रिम फिनिश या स्पेशल एडिशन एलिमेंट्स शामिल होंगे। वहीं, अगर यह 2026 के लिए हल्का फेसलिफ्ट हुआ, तो इसमें अपडेटेड इंफोटेनमेंट सिस्टम, नए इंटीरियर मटीरियल और मामूली एक्सटीरियर बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

हालांकि मैकेनिकल बदलाव की संभावना कम है। इंजन और गियरबॉक्स विकल्प पहले जैसे ही रहने की उम्मीद है। हालांकि, यह पूरी तरह से नकारा नहीं जा सकता कि कंपनी थ्री-डोर थार में मिलने वाला 1.5 लीटर डीजल इंजन आने वाले समय में थार रॉक्स के साथ भी पेश करे।