2026 टाटा टियागो के पेट्रोल और इलेक्ट्रिक दोनों वर्जन में नया एक्सटीरियर और अपडेटेड इंटीरियर मिलेगा, साथ ही कई नए फीचर्स भी मिलेंगे
टाटा मोटर्स ने 2026 टियागो फेसलिफ्ट की लॉन्च डेट कन्फर्म कर दी और इसे 28 मई को लॉन्च किया जाएगा । नई Tiago में अपडेटेड एक्सटीरियर और ज्यादा फीचर्स भी देखने को मिलेंगे। कंपनी के लाइनअप की सबसे किफायती हैचबैक में कई बड़े बदलाव किए जाएंगे। वहीं, Tiago EV फेसलिफ्ट को 28 मई को लॉन्च किया जाएगा।
टेस्टिंग के दौरान देखी गई तस्वीरों के अनुसार नई टियागो के एक्सटीरियर में सबसे ज्यादा बदलाव देखने को मिलेंगे। फ्रंट में स्लिम ग्रिल, नए LED हेडलैंप्स, ज्यादा शार्प DRLs, नया बंपर और नीचे की तरफ दिए गए फॉग लैंप्स इसे पहले से ज्यादा मॉडर्न लुक देंगे। कार की बेसिक बॉडी शेप पहले जैसी ही रहेगी लेकिन नए मल्टी-स्पोक अलॉय व्हील्स इसके साइड प्रोफाइल को फ्रेश लुक देंगे।
पीछे की तरफ नई टेलगेट डिजाइन, अपडेटेड LED टेललैंप्स और कनेक्टेड लाइट बार देखने को मिलेंगे। साथ ही नया फ्लैट डिजाइन वाला बंपर इसे Tata की नई डिजाइन लैंग्वेज के करीब लाएगा। इंटीरियर में नया डैशबोर्ड लेआउट मिलेगा जिसमें ग्लॉस ब्लैक फिनिश दी जाएगी। इसके अलावा 10.25-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एंड्राइड ऑटो और एप्पल कारप्ले जैसे फीचर्स भी मिलेंगे।

नई Tiago में 7-इंच का फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी दिया जा सकता है, जो मौजूदा मॉडल के बेसिक MID की जगह लेगा। इसके अलावा टच बेस्ड क्लाइमेट कंट्रोल, एम्बिएंट लाइटिंग, बेहतर ऑडियो सिस्टम, नई सीट अपहोल्स्ट्री, फ्रंट सेंटर आर्मरेस्ट और रियर हेडरेस्ट जैसे फीचर्स भी देखने को मिल सकते हैं।
इंजन की बात करें तो 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन पहले जैसा ही रहेगा, जो 86 PS की पावर और 113 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह इंजन 5-स्पीड मैनुअल और AMT गियरबॉक्स के साथ मिलेगा। फैक्ट्री फिटेड CNG वेरिएंट भी जारी रहेगा, जो 75.5 PS की पावर और 96.5 Nm का टॉर्क देता है। खास बात यह है कि Tiago भारत की कुछ चुनिंदा CNG कारों में शामिल है, जिसमें AMT गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है।

वहीं Tiago EV में बड़ा बदलाव बैटरी पैक को लेकर हो सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार 19 kWh बैटरी पैक हटाया जा सकता है और 24 kWh यूनिट बेस वेरिएंट में दी जा सकती है। वहीं, टॉप वेरिएंट में बड़ा 30 kWh बैटरी पैक मिलने की संभावना है, जो 360 किमी से ज्यादा की रेंज दे सकता है। पंच EV में मिलने वाला नया 6-in-1 i Drive मोटर भी अपडेटेड Tiago EV में देखने को मिल सकता है।
इलेक्ट्रिक वर्जन में भी ICE मॉडल जैसे एक्सटीरियर अपडेट्स देखने को मिलेंगे, जिनमें नए हेडलैंप्स, बंपर, अलॉय व्हील्स और कनेक्टेड रियर लाइट डिजाइन शामिल होंगे। नई Tiago फेसलिफ्ट की शुरुआती कीमत लगभग 4.75 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) हो सकती है, जबकि टॉप वेरिएंट की कीमत 8.25 लाख रुपये से ज्यादा जा सकती है।