2026 Tata Tiago के पेट्रोल और इलेक्ट्रिक दोनों वर्जन के इंटीरियर में कई बड़े बदलाव किए गए हैं और इसमें कई नए फीचर्स भी जोड़े गए हैं
टाटा मोटर्स ने 28 मई को होने वाले लॉन्च से पहले 2026 Tiago फेसलिफ्ट के इंटीरियर का खुलासा कर दिया है। नई Tiago का केबिन पुराने मॉडल के मुकाबले काफी ज्यादा मॉडर्न और प्रीमियम दिखाई देता है। इसमें पूरी तरह नया डैशबोर्ड डिजाइन दिया गया है, जिसमें ड्यूल-स्क्रीन सेटअप देखने को मिलता है।
डैशबोर्ड पर बाईं तरफ बड़ा लैंडस्केप स्टाइल इंफोटेनमेंट डिस्प्ले दिया गया है, जबकि दाईं तरफ अलग डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है। दोनों स्क्रीन फ्लोटिंग डिजाइन में हैं और इनके साथ टू-टोन ग्रे और ब्लैक थीम वाला डैशबोर्ड दिया गया है। इंफोटेनमेंट सिस्टम में एंड्राइड ऑटो चलता हुआ दिखाई दे रहा है और यह लगभग 10.25-इंच का टचस्क्रीन हो सकता है।
वहीं, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर में स्पीड, बैटरी या फ्यूल स्टेटस और दूसरी जरूरी जानकारी दिखाई जाएगी। नया डैशबोर्ड पहले से ज्यादा साफ-सुथरा और मॉडर्न नज़र आता है। इंफोटेनमेंट स्क्रीन के नीचे क्लाइमेट कंट्रोल के लिए फिजिकल रोटरी डायल दिए गए हैं, जिन पर Tiago ब्रांडिंग दिखाई देती है।

सेंटर कंसोल में दो फोन रखने की जगह दी गई है और इनमें से एक वायरलेस चार्जिंग पैड भी हो सकता है। सेंटर कंसोल का डिज़ाइन पहले से ज्यादा क्लीन और ओपन रखा गया है। दूसरी तस्वीर में फ्रंट पैसेंजर साइड से केबिन दिखाई देता है, जहाँ डैशबोर्ड पर हल्के ग्रे रंग की फैब्रिक फिनिश दी गई है।
इससे केबिन ज्यादा प्रीमियम महसूस होता है। इंफोटेनमेंट स्क्रीन को हल्का ड्राइवर की तरफ एंगल किया गया है ताकि इस्तेमाल करना आसान हो। रियर सीट्स में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलता है। यहां टू-टोन ग्रे सीट्स के साथ फोल्डिंग सेंटर आर्मरेस्ट दिया गया है, जो मौजूदा Tiago में नहीं मिलता है। पीछे की सीटों के लिए चार्जिंग पोर्ट भी दिया जा सकता है।

इसके अलावा ऑटोमैटिक वेरिएंट में पैडल शिफ्टर्स और नया सेंटर कंसोल भी मिलेगा। 2026 Tata Tiago फेसलिफ्ट अगले हफ्ते लॉन्च होगी और इसकी शुरुआती कीमत करीब 5.20 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) हो सकती है। वहीं, Tiago EV फेसलिफ्ट में 24 kWh और नया 30 kWh बैटरी पैक विकल्प मिलने की उम्मीद है।