2026 Tata Tiago और Tiago EV से उठा पर्दा, लॉन्च से पहले दिखा नया लुक

अगले हफ्ते लॉन्च से पहले टाटा ने 2026 Tiago के पेट्रोल (ICE) और इलेक्ट्रिक दोनों वर्जन के अपडेटेड एक्सटीरियर का खुलासा किया है

टाटा मोटर्स ने फेसलिफ्टेड टियागो रेंज के लिए दो नए रंग पेश किए हैं, जिनमें पेट्रोल वर्जन के लिए कोरल ऑरेंज और इलेक्ट्रिक वर्जन के लिए मिंट ग्रीन शामिल है। इन दोनों रंगों से साफ पता चलता है कि कंपनी इस अपडेटेड Tiago को ज्यादा मॉडर्न और अलग पहचान देने की कोशिश कर रही है। 28 मई को लॉन्च से पहले ही Tiago ICE और Tiago EV दोनों के डिजाइन से पर्दा उठा दिया गया है और इस बार एक्सटीरियर में पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा बड़े बदलाव किए गए हैं।

टियागो EV में सबसे ज्यादा बदलाव फ्रंट डिजाइन में देखने को मिलते हैं। इसमें पूरी तरह बंद बॉडी कलर फ्रंट फेसिया दिया गया है, जिससे इसका इलेक्ट्रिक लुक और ज्यादा साफ नजर आता है। नीचे की तरफ छोटा एयर डैम और वर्टिकल स्लैट्स दिए गए हैं। नए अलॉय व्हील्स में एयरो इंसर्ट्स और व्हील आर्च क्लैडिंग इसे पेट्रोल मॉडल से अलग पहचान देते हैं।

वहीं, पेट्रोल Tiago में स्लिम LED हेडलैंप्स, चौड़ी ग्लॉसी ब्लैक ग्रिल, नए बंपर में इंटीग्रेटेड फॉग लैंप्स और क्रोम फिनिश देखने को मिलेगी। इससे इसका लुक पहले से ज्यादा शार्प और प्रीमियम हो गया है। दोनों वर्जन में नए ड्यूल-टोन अलॉय व्हील्स, अपडेटेड रियर बंपर और नए LED टेललैंप्स दिए गए हैं।

Tiago ICE Facelift

इंटीरियर की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है, लेकिन इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एंड्राइड ऑटो और एप्पल कारप्ले, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और क्रूज कंट्रोल मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा नया डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, सभी वेरिएंट्स में 6 एयरबैग्स और 360-डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स भी दिए जा सकते हैं।

टॉप वेरिएंट्स में रियर AC वेंट्स, वायरलेस चार्जिंग और सनरूफ भी मिल सकती है। पेट्रोल मॉडल में मौजूदा 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन ही मिलेगा, जो 86 एचपी की पावर और 113 Nm का टॉर्क उत्पन करता है। इसमें 5-स्पीड मैनुअल और AMT गियरबॉक्स विकल्प मिलेंगे। CNG वर्जन में भी AMT ऑप्शन मिलने की संभावना है।

Tiago EV Facelift (2)

Tiago EV में बड़ा बदलाव बैटरी पैक को लेकर हो सकता है। कंपनी 19 kWh बैटरी पैक को हटाकर 24 kWh बैटरी को बेस वेरिएंट बना सकती है। वहीं, टॉप वेरिएंट में नया 30 kWh बैटरी पैक मिलने की उम्मीद है। नई Tiago पेट्रोल फेसलिफ्ट की शुरुआती कीमत करीब 5 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) हो सकती है, जबकि Tiago EV फेसलिफ्ट की कीमत लगभग 8.5 लाख रुपये से शुरू हो सकती है।