2026 Tata Punch फेसलिफ्ट में मिलेगा ADAS और 360 डिग्री कैमरा, 13 जनवरी को होगी लॉन्च

New Tata Punch

2026 Tata Punch फेसलिफ्ट का पहला टीज़र जारी हुआ है, जिसमें इसके नए एक्सटीरियर डिज़ाइन की झलक मिलती है

टाटा मोटर्स भारतीय बाजार में आख़िरकार लम्बी टेस्टिंग के बाद नई पंच को लॉन्च करने के लिए तैयार है। यह माइक्रो-SUV का मिड-लाइफ फेसलिफ्ट वर्जन होगा। इसे 13 जनवरी को लॉन्च किया जाना है और कंपनी ने इसका पहला टीज़र भी जारी कर दिया है, जिसमें इसके नए एक्सटीरियर डिज़ाइन की झलक मिलती है। बता दें कि पंच फिलहाल टाटा की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार है और इसे भारत में पहली बार साल 2021 में लॉन्च किया गया था।

टीज़र वीडियो के अनुसार, नई टाटा पंच पहले के मुकाबले ज्यादा दमदार और SUV-जैसी दिखाई देती है, जिसमें सीधा और मजबूत स्टांस नजर आता है। इसके अपडेटेड एक्सटीरियर की खास बातें नए LED हेडलैंप और फॉग लैंप, स्लीक DRLs, नई फ्रंट ग्रिल और नया फ्रंट बंपर हैं, जो इसे ज्यादा मस्कुलर लुक देते हैं।

पीछे की तरफ नई पंच में कनेक्टेड टेललैंप सेटअप देखने को मिलेगा। इसके अलावा, टीज़र में नए ड्यूल-टोन अलॉय व्हील्स भी नजर आते हैं। कुल मिलाकर, टाटा इस फेसलिफ्ट के जरिए पंच को ज्यादा मजबूत और SUV-स्टाइल लुक देना चाहती है, हालांकि पूरी तस्वीर लॉन्च के समय ही साफ होगी।

New Tata Punch (2)

फेसलिफ्ट मॉडल के साथ पंच को टाटा की नई डिज़ाइन लैंग्वेज और लेटेस्ट फीचर्स के अनुरूप अपडेट किया जाएगा। यह भी ध्यान देने वाली बात है कि नई ICE पंच, स्टाइल और फीचर्स के मामले में पंच EV से ज्यादा अलग नहीं होगी। हालांकि कंपनी ने अभी नई पंच के इंटीरियर के बारे में किसी भी तरह की जानकारी नहीं दी है।

उम्मीद है कि इसमें बड़ा 10.25-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, नया स्टीयरिंग व्हील, बदला हुआ डैशबोर्ड लेआउट और नई अपहोल्स्ट्री मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, 360-डिग्री पार्किंग कैमरा और ADAS जैसी कुछ सुविधाएं भी इस पैकेज का हिस्सा होंगी, जिनके बारे में जानकारी आने वाले दिनों में सामने आ सकती है।

New Tata Punch (1)

इंजन की बात करें तो नई टाटा पंच में मौजूदा 1.2-लीटर, 3-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन ही मिलने की संभावना है, जो पेट्रोल और CNG दोनों विकल्पों में उपलब्ध होगा। यह इंजन 87 bhp की पावर और 115 Nm का टॉर्क देता है, जिसे 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है। वहीं CNG वेरिएंट में यह इंजन 72 bhp की पावर और 103 Nm का टॉर्क उत्पन करता है।