Ride Connect और Ride Connect TFT वेरिएंट्स में सिंगल-चैनल एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) दिया गया है
सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने अपने सबसे ज्यादा बिकने वाले स्कूटर का अपडेटेड वर्जन लॉन्च किया है। कंपनी ने Access को अब सिंगल-चैनल एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) के साथ पेश किया है। यह सिस्टम अचानक या तेज ब्रेक लगाने के दौरान पहियों को लॉक होने से बचाता है और खासतौर पर फिसलन भरी या खराब सड़कों पर ब्रेक प्रेशर को संतुलित रखता है।
सुजुकी का कहना है कि Access में ABS जोड़ने से स्कूटर की राइड क्वालिटी पर कोई फर्क नहीं पड़ता। इसकी स्पीड पकड़ने की क्षमता, माइलेज और आराम पहले जैसा ही रहता है। नया ABS वेरिएंट उन लोगों के लिए खास है जो ट्रैफिक में सेफ्टी को ज्यादा महत्व देते हैं। यह स्कूटर अब दो वेरिएंट में उपलब्ध है।
Access Ride Connect ABS Edition की कीमत 92,328 रुपये (एक्स-शोरूम दिल्ली) रखी गई है और यह पांच कलर ऑप्शन में उपलब्ध है। जिनमें Metallic Mat Black No.2, Metallic Mat Stellar Blue, Pearl Grace White, Solid Ice Green और Pearl Shiny बीज शामिल हैं। इसके ऊपर Access Ride Connect TFT ABS Edition वेरिएंट आता है, जिसकी कीमत 98,378 रुपये (एक्स-शोरूम दिल्ली) है। इसमें भी पांच कलर ऑप्शन मिलते हैं, जिनमें एक्सक्लूसिव Pearl Mat Aqua Silver शेड शामिल है।

ग्राहकों के लिए इसे और किफायती बनाने के लिए सुजुकी ने कई फाइनेंस और ओनरशिप बेनिफिट्स भी पेश किए हैं। ग्राहक 6.99% से शुरू होने वाली ब्याज दर पर लोन ले सकते हैं, साथ ही अधिकृत डीलरशिप पर जीरो प्रोसेसिंग फीस स्कीम भी उपलब्ध है। इसके अलावा, चुनिंदा राज्यों में ग्राहकों को 5,000 रुपये तक के प्रमोशनल वाउचर भी दिए जा रहे हैं।
लॉन्च पर प्रतिक्रिया देते हुए Suzuki Motorcycle India Pvt Ltd के मैनेजिंग डायरेक्टर Kenichi Umeda ने कहा कि “जनवरी की शुरुआत में सुजुकी ने अपना पहला इलेक्ट्रिक स्कूटर e-ACCESS लॉन्च किया था, जिससे भविष्य के लिए तैयार मोबिलिटी के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता मजबूत हुई है। अब ABS के साथ Access को लॉन्च कर कंपनी अपने पोर्टफोलियो को और मजबूत कर रही है, जिससे ग्राहकों को अपनी पसंद के अनुसार ज्यादा विकल्प मिलेंगे।

मैकेनिकल तौर पर कोई बदलाव नहीं किया गया है। सुजुकी Access 125 में 124cc सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड, 4-स्ट्रोक इंजन दिया गया है, जो लगभग 8.7 PS की पावर (6,750 rpm पर) और 10 Nm का टॉर्क (5,500 rpm पर) जनरेट करता है। इसे CVT ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन से जोड़ा गया है।
इस स्कूटर में 5.3 लीटर का फ्यूल टैंक, टेलिस्कोपिक फ्रंट सस्पेंशन और स्विंगआर्म रियर सस्पेंशन मिलता है। यह 12-इंच फ्रंट और 10-इंच रियर अलॉय व्हील्स पर चलता है। फीचर्स की बात करें तो इसमें 24.4 लीटर अंडर-सीट स्टोरेज, फ्रंट ग्लोव बॉक्स, एक्सटर्नल फ्यूल लिड, 773 mm सीट हाइट और 105 किलोग्राम कर्ब वेट मिलता है। इसके अलावा, इसमें ब्लूटूथ-इनेबल्ड TFT डिस्प्ले, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, LED हेडलैंप और कई अन्य आधुनिक फीचर्स भी दिए गए हैं।