
2026 रॉयल एनफील्ड Classic 350 को 1.87 लाख से 2.23 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) की कीमत पर लॉन्च किया गया है और इसमें कुछ नए प्रीमियम फीचर्स को स्टैंडर्ड तौर पर शामिल किया गया है
रॉयल एनफील्ड ने आज भारत में 2026 Classic 350 को लॉन्च कर दिया है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 1.87 लाख रुपये से शुरू होकर 2.23 लाख रुपये तक जाती है। कंपनी ने इस बार बाइक के डिजाइन में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया है, बल्कि रोजमर्रा की राइडिंग को आसान बनाने के लिए कुछ नए फीचर्स जोड़े हैं।
नई Classic 350 आज से देशभर के डीलरशिप पर उपलब्ध है। 2026 Classic 350 में अब सभी डुअल-चैनल ABS वेरिएंट के साथ Assist & Slipper Clutch और USB Type-C फास्ट चार्जिंग पोर्ट स्टैंडर्ड दिया गया है। Assist & Slipper Clutch की मदद से ट्रैफिक में क्लच दबाने में कम ताकत लगती है और तेज गति से गियर डाउन करने पर रियर व्हील लॉक होने की संभावना भी कम हो जाती है।
वहीं USB Type-C चार्जिंग पोर्ट उन राइडर्स के लिए उपयोगी होगा जो सफर के दौरान स्मार्टफोन का इस्तेमाल नेविगेशन या अन्य कामों के लिए करते हैं। भारतीय बाजार में रॉयल एनफील्ड Classic 350 का मुकाबला Honda CB350, Jawa 350 और Triumph Speed T4 जैसी मोटरसाइकिलों से होगा।

इंजन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें पहले वाला 349 सीसी, सिंगल-सिलेंडर, एयर/ऑयल-कूल्ड J-Series इंजन मिलता है, जो 20.2 bhp की पावर और 27 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन के साथ 5-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है। इसके अलावा फ्रेम, सस्पेंशन, ब्रेकिंग सिस्टम, 13-लीटर फ्यूल टैंक और 170 मिमी ग्राउंड क्लीयरेंस भी पहले जैसे ही हैं।
टॉप वेरिएंट्स में मिलने वाले फीचर्स भी बरकरार रखे गए हैं। इनमें LED हेडलैंप, LED पायलट लाइट्स, एडजस्टेबल ब्रेक और क्लच लीवर, गियर पोजिशन इंडिकेटर और Tripper Navigation Pod शामिल हैं। Tripper Navigation Pod, रॉयल एनफील्ड के मोबाइल ऐप के साथ मिलकर टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन की सुविधा देता है।

डिजाइन की बात करें तो नई Classic 350 में पहले जैसा राउंड फ्यूल टैंक, क्लासिक स्टाइल, सीधी बैठने की पोजिशन और विंटेज लुक बरकरार रखा गया है। यह बाइक Redditch Red, Halcyon Black, Madras Red, Jodhpur Blue, Medallion Bronze, Commando Sand, Gun Grey, Stealth Black और Emerald Green जैसे कई रंगों में उपलब्ध होगी।