2026 मारुति सुजुकी Baleno में एक्सटीरियर और इंटीरियर दोनों में बदलाव देखने को मिलेंगे, जबकि इसमें नया 1.2 लीटर Z-सीरीज पेट्रोल इंजन भी शामिल किया जा सकता है
मारुति सुजुकी बलेनो के अपडेटेड मॉडल को भारत में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जिससे इसके 2026 की दूसरी छमाही (H2 2026) में लॉन्च होने की संभावना जताई जा रही है। यह प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट की सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में से एक है और 2022 से इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है, इसलिए इसका फेसलिफ्ट कंपनी के लिए काफी अहम माना जा रहा है।
तस्वीरों से पता चलता है कि 2026 Baleno के रियर सेक्शन में हल्के बदलाव किए गए हैं, जबकि ज्यादा बदलाव फ्रंट में देखने को मिलेंगे। इसमें नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स, री-डिजाइन हेडलाइट्स, अपडेटेड ग्रिल, चौड़े एयर इनटेक के साथ नया फ्रंट बंपर और ORVM पर टर्न इंडिकेटर्स दिए जा सकते हैं। साथ ही क्लैमशेल डिजाइन वाला बोनट भी देखने को मिल सकता है। फ्रंट लुक पहले से ज्यादा स्पोर्टी और अग्रेसिव होगा, जिसमें नई LED DRLs भी मिल सकती हैं।
इंटीरियर में भी बड़े बदलाव की उम्मीद है। इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिल सकता है, जो वायरलेस एप्पल कारप्ले और Android Auto सपोर्ट करेगा। इसके अलावा नए मटेरियल और फिनिश, एडवांस कनेक्टिविटी फीचर्स और नया डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी दिया जा सकता है। फीचर्स लिस्ट में 360-डिग्री कैमरा, वायरलेस चार्जर और लेदर सीट्स जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जा सकती हैं।

इंजन की बात करें तो मौजूदा मॉडल में 1.2 लीटर K-सीरीज DualJet पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 89 एचपी की पावर और 113 Nm का टॉर्क देता है। लेकिन नए मॉडल में इसे बदलकर नया Z-सीरीज 3-सिलेंडर इंजन दिया जा सकता है, जो मारुति सुजुकी स्विफ्ट और मारुति सुजुकी Dzire में मिलता है।
इसके अलावा, टॉप वेरिएंट्स में 1.0 लीटर BoosterJet टर्बो पेट्रोल इंजन भी मिल सकता है, जो मारुति सुजुकी Fronx में दिया जाता है। एक और संभावना यह है कि इसमें CNG टैंक को फ्लोर के नीचे लगाया जा सकता है, जैसा कि Victoris में देखने को मिला है। साथ ही, नया 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स भी मिल सकत है, हालांकि यह अभी कन्फर्म नहीं है।

मारुति सुजुकी ने हाल के समय में SUV सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत की है, जहाँ Fronx, मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा, विक्टोरिस और अपनी पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी Maruti Suzuki e-Vitara को लॉन्च किया है। कंपनी आने वाले 2-3 सालों में अपने पोर्टफोलियो को और मजबूत करने की योजना बना रही है।