
2026 महिंद्रा Scorpio N Facelift के एक्सटीरियर और केबिन में कई नए बदलाव किये गए हैं और इसे जल्द ही लॉन्च किया जाएगा
महिंद्रा Scorpio N Facelift की लॉन्चिंग से पहले ही इसकी यूनिट्स देशभर की डीलरशिप पर पहुंचनी शुरू हो गई हैं। महिंद्रा इसे 15 अगस्त को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में डीलरशिप पर खड़ी टॉप-स्पेक Z8L वेरिएंट की झलक देखने को मिली है, जिससे SUV के कई नए फीचर्स सामने आए हैं।
नई Scorpio N Facelift में 18-इंच के नए ड्यूल-टोन अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। हालांकि, फ्रंट ग्रिल, LED प्रोजेक्टर हेडलैंप और हैलोजन लाइट्स का डिजाइन पहले जैसा ही रखा गया है। इस बार फ्रंट में कैमरा भी दिया गया है और ORVMs पर लगे कैमरों से साफ है कि एसयूवी में 360-डिग्री कैमरा सिस्टम मिलेगा। तस्वीरों में दिखाई गई एसयूवी गहरे हरे (Dark Green) रंग में नज़र आई है।
इंटीरियर का मोका ब्राउन और ब्लैक कलर थीम पहले जैसा ही है, लेकिन डैशबोर्ड पर बड़ा बदलाव किया गया है। अब इसमें 10.25-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा, जो Thar Roxx और 3-डोर Thar में मिलता है। साथ ही इसमें 10.25-इंच का फुल डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी मिलेगा।

AC वेंट्स का डिजाइन भी बदला गया है। पहले इसमें वर्टिकल वेंट्स मिलते थे, वहीं अब हॉरिजॉन्टल AC वेंट्स दिए गए हैं, जिनके चारों ओर सिल्वर फिनिश मिलती है। हालांकि, स्टीयरिंग व्हील, क्लाइमेट कंट्रोल पैनल और सेंटर कंसोल का डिजाइन पहले जैसा ही रखा गया है। नई Scorpio N Facelift में बड़ा पैनोरैमिक सनरूफ मिलेगा, जो मौजूदा मॉडल की तुलना में काफी बड़ा होगा। इसके अलावा आगे और पीछे दोनों यात्रियों के लिए 65W USB Type-C फास्ट चार्जिंग पोर्ट भी दिए जाएंगे।
मैकेनिकल तौर पर नई Scorpio N Facelift में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें पहले की तरह 2.0-लीटर mStallion टर्बो पेट्रोल और 2.2-लीटर mHawk टर्बो डीजल इंजन मिलेंगे। दोनों इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलेगा। 4×4 सिस्टम केवल चुनिंदा डीजल वेरिएंट्स में ही उपलब्ध रहेगा।

डीजल इंजन लोअर ट्यून में 132 बीएचपी की पावर और 300 Nm टॉर्क देता है। वहीं हाई ट्यून वर्जन में 175 बीएचपी के साथ मैनुअल गियरबॉक्स पर 370 Nm और ऑटोमैटिक पर 400 Nm का टॉर्क मिलता है। दूसरी ओर, 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन 203 बीएचपी की पावर और मैनुअल पर 370 Nm तथा ऑटोमैटिक पर 380 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। उम्मीद की जा रही है कि 15 अगस्त को कंपनी Scorpio N Facelift के साथ Vision S Concept के प्रोडक्शन मॉडल और अपडेटेड BE 6 से भी पर्दा उठा सकती है।