
2026 Jeep Meridian SUV के लिमिटेड और ओवरलैंड वैरिएंट में स्लाइडिंग सेकंड-रो सीटें दी गई हैं
जीप इंडिया ने भारतीय बाजार में 2026 Meridian को पेश कर दिया है, जिसमें तीन-रो सीटिंग लेआउट को और ज्यादा प्रैक्टिकल बनाने के लिए अहम अपडेट किया गया है। नए मॉडल अपडेट के तहत चुनिंदा वेरिएंट्स में स्लाइडिंग सेकेंड-रो सीट्स दी गई हैं। स्लाइडिंग सेकेंड-रो सीट्स के साथ अपडेटेड 2026 जीप मेरीडियन अब देशभर के Jeep डीलरशिप्स पर उपलब्ध है।
नए अपडेट वाले वेरिएंट्स की कीमत 30.01 लाख से शुरू होती है, जबकि मेरीडियन रेंज की शुरुआती कीमत 23.33 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है और बुकिंग्स फिलहाल खुली हुई हैं। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला टोयोटा Fortuner, Skoda Kodiaq से है, जबकि MG Gloster और आने वाली VW Tayron भी इसके सेगमेंट में शामिल होंगी।
2026 जीप मेरीडियन का सबसे बड़ा बदलाव Limited और Overland वेरिएंट्स में दी गई स्लाइडिंग सेकेंड-रो सीट्स हैं। यह सीट्स लंबाई की दिशा में 140 मिमी तक आगे-पीछे खिसक सकती हैं, जिससे ग्राहक जरूरत के हिसाब से दूसरी और तीसरी पंक्ति के लिए लेगरूम बढ़ा सकते हैं या फिर ज्यादा लगेज स्पेस बना सकते हैं।

40:60 स्प्लिट वाली सेकेंड-रो सीट्स में छोटे हिस्से के लिए 310 मिमी और बड़े हिस्से के लिए 290 मिमी तक स्लाइडिंग मूवमेंट दिया गया है। इसके अलावा, थर्ड-रो तक आसान एंट्री के लिए सीट्स 33 डिग्री तक आगे की ओर झुक सकती हैं। नई सेटिंग में सेकेंड-रो यात्रियों के लिए 23 डिग्री का टॉर्सो एंगल और अतिरिक्त 12 डिग्री का रीक्लाइन भी मिलता है, जिससे आराम और सपोर्ट दोनों बेहतर होते हैं और सेफ्टी मानकों का भी ध्यान रखा गया है।
इन बदलावों के बावजूद 2026 Meridian का ओवरऑल डिजाइन और केबिन लेआउट पहले जैसा ही रखा गया है। एसयूवी में 7-स्लॉट ग्रिल और LED लाइटिंग दी गई है, जो इसे दमदार रोड प्रेजेंस देती है। केबिन के अंदर प्रीमियम फील के लिए सॉफ्ट-टच मटीरियल्स का इस्तेमाल जारी है। फीचर्स की बात करें तो इसमें पैनोरैमिक सनरूफ, डुअल-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, वेंटिलेटेड और इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल फ्रंट सीट्स और लेदरेट अपहोल्स्ट्री मिलती है। टेक्नोलॉजी के तौर पर 10.25-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 10.1-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। Jeep का Uconnect कनेक्टेड कार प्लेटफॉर्म 30 से ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स को सपोर्ट करता है।

सेफ्टी के मोर्चे पर 2026 जीप मेरीडियन में 70 से ज्यादा एक्टिव और पैसिव सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं, जबकि चुनिंदा वेरिएंट्स में ADAS भी मिलता है। मैकेनिकल तौर पर एसयूवी में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें पहले की तरह 2.0-लीटर टर्बो डीजल इंजन मिलता है, जो 170 एचपी की पावर और 350 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह इंजन चुनिंदा वेरिएंट्स में Select-Terrain 4×4 सिस्टम के साथ आता है।