2026 Isuzu D-Max V-Cross भारत में हुआ लॉन्च, कीमत 25.50 लाख से शुरू

2026 Isuzu V-Cross (1)

2026 Isuzu D-Max V-Cross के सभी वेरिएंट में 4WD सिस्टम और ऑटो-लॉकिंग डिफरेंशियल स्टैंडर्ड दिया गया है

Isuzu Motors India ने अपने लाइफस्टाइल पिक-अप D-Max V-Cross को 2026 मॉडल ईयर के लिए अपडेट कर दिया है। इस अपडेट में कुछ कॉस्मेटिक बदलाव, नए फीचर्स और एक बड़ा मैकेनिकल बदलाव शामिल है। नई V-Cross की एक्स-शोरूम कीमत 25.50 लाख रुपये से शुरू होकर 30.28 लाख रुपये (दिल्ली) तक जाती है।

अब यह पिक-अप केवल 4×4 ड्राइवट्रेन के साथ ही उपलब्ध होगी, क्योंकि कंपनी ने 4×2 विकल्प को बंद कर दिया है। डिजाइन की बात करें तो फ्रंट फेसिया में हल्के बदलाव किए गए हैं। ग्रिल को नया लुक दिया गया है, जिसमें नीचे की ओर मोटा ब्लैक लिप जोड़ा गया है। बंपर के निचले हिस्से में पहले की तुलना में कम क्लैडिंग दी गई है और फॉक्स स्किड प्लेट एलिमेंट हटा दिया गया है।

साइड प्रोफाइल में नए डिजाइन के 18-इंच अलॉय व्हील्स मिलते हैं। साथ ही, व्हील आर्च और साइड बॉडी पर दी गई ब्लैक क्लैडिंग को हटा दिया गया है, जिससे लुक थोड़ा साफ और प्रीमियम नजर आता है। इंटीरियर में भी बदलाव देखने को मिलते हैं। टॉप वेरिएंट में अब पुरानी 9.0-इंच यूनिट की जगह नई 10.3-इंच फ्लोटिंग टचस्क्रीन दी गई है। यह सिस्टम वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और एप्पल कारप्ले को सपोर्ट करता है।

2026 Isuzu V-Cross

डैशबोर्ड और डोर पैनल पर नए कॉन्ट्रास्ट ट्रिम इंसर्ट्स जोड़े गए हैं, जिससे केबिन ज्यादा आधुनिक लगता है। इसके अलावा, 360-डिग्री कैमरा सिस्टम भी जोड़ा गया है, जिसके कैमरे ग्रिल, विंग मिरर और टेलगेट में लगे हैं। टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) भी अब उपलब्ध है। टॉप Z Prestige AT वेरिएंट में 8-स्पीकर साउंड सिस्टम मिलता है, जिसमें रूफ-माउंटेड स्पीकर्स भी शामिल हैं।

मैकेनिकल अपडेट्स की बात करें तो अब यह पिक-अप केवल शिफ्ट-ऑन-द-फ्लाई 4WD सिस्टम के साथ आती है। सभी वेरिएंट्स में ऑटो-लॉकिंग डिफरेंशियल स्टैंडर्ड दिया गया है, जिससे ऑफ-रोडिंग क्षमता बेहतर होती है। इंजन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें वही 1.9-लीटर डीजल इंजन मिलता है, जो 161 बीएचपी की पावर और 360 एनएम का टॉर्क उत्पन करता है। यह इंजन 6-स्पीड मैनुअल या 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ उपलब्ध है।

2026 Isuzu V-Cross (2)

Isuzu D-Max V-Cross 2026 मॉडल तीन वेरिएंट्स में उपलब्ध है, जिनमें 4WD MT Z, 4WD MT Z Prestige और 4WD AT Z Prestige शामिल हैं। इसका ग्रॉस व्हीकल वेट (GVW) 2510 किलोग्राम है। इस पिक-अप को सिल्की व्हाइट पर्ल, ब्लैक मिका, रेड स्पिनेल मिका, नॉटिलस ब्लू, गैलेना ग्रे, सिल्वर मेटैलिक और स्प्लैश व्हाइट कलर में ख़रीदा जा सकता है।