2026 Hyundai Verna नए फीचर्स और डिज़ाइन के साथ अगले साल मारेगी एंट्री

New Hyundai Verna
Pic Source: autojournal_india

2026 Hyundai Verna अगले साल की शुरुआत में भारत में लॉन्च की जाएगी और इसमें एक्सटीरियर और इंटीरियर में कई बदलाव मिलेंगे

हुंडई ने हाल ही में भारतीय बाजार में नई जनरेशन वेन्यू को नए डिज़ाइन और फीचर्स के साथ लॉन्च किया है। वहीं अब 2026 हुंडई वेर्ना को भी टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। भारत में हुंडई वरना की कहानी 2006 में शुरू हुई थी, जब इसने कंपनी की लोकप्रिय कार एक्सेंट की जगह ली थी। पहली पीढ़ी की वेर्ना उस समय 1.6-लीटर पेट्रोल और 1.5-लीटर डीज़ल इंजन के साथ आई थी और इसे ग्राहकों ने खूब पसंद किया। करीब चार साल बाद इसका फेसलिफ्ट मॉडल भी लॉन्च हुआ।

2011 में आई दूसरी पीढ़ी की वेर्ना ने अपने “Fluidic Sculpture” डिज़ाइन के साथ पूरी तरह नया लुक दिया और यहीं से Verna की पहचान एक स्टाइलिश और मॉडर्न सेडान के रूप में बनने लगी। फिर 2015 में इसका फेसलिफ्ट आया। 2017 में लॉन्च हुई तीसरी पीढ़ी की वेर्ना हुंडई के K2 प्लेटफ़ॉर्म पर आधारित थी, जो पहले से बड़ी, ज्यादा चौड़ी और कूपे जैसी स्टाइल के साथ आयी थी। इसमें इलेक्ट्रिक सनरूफ और वेंटिलेटेड सीट्स जैसे प्रीमियम फीचर्स भी दिए गए थे।

2023 में चौथी पीढ़ी की वेर्ना लॉन्च की गई थी, लेकिन यह अपने पिछले मॉडलों जितनी सफल नहीं हो पाई। इसका एक बड़ा कारण था कि उस समय मिड-साइज़ सेडान सेगमेंट की लोकप्रियता घटने लगी थी। अब कंपनी इसका फेसलिफ्टेड मॉडल तैयार कर रही है, जिसकी झलक हाल ही में सामने आई तस्वीरों में देखी जा सकती है।

New Hyundai Verna (1)
Pic Source: autojournal_india

नई 2026 हुंडई वेर्ना में एक्सटीरियर में हल्के बदलाव देखने को मिलेंगे, जिनमें नया हेक्सागोनल ग्रिल डिज़ाइन, अपडेटेड फ्रंट बंपर और थोड़ा ज्यादा ऊँचा फ्रंट प्रोफाइल शामिल होगा। साथ ही फॉग लैंप का डिज़ाइन भी नया होगा। फ्रंट और रियर लाइट  को पहले जैसा ही रखा जा सकता है, जबकि अलॉय व्हील और बोनट का डिज़ाइन भी ज्यादातर समान रहेगा।

अंदर की बात करें तो, इसमें अब एक बड़ा कर्व्ड डिस्प्ले दिया जाएगा, जिसमें 12.3-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 12.3-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर एक साथ होंगे। स्टीयरिंग व्हील नया डिज़ाइन वाला होगा और डैशबोर्ड व सेंटर कंसोल में नए मटीरियल और कलर थीम देखने को मिलेंगे।

2026-hyundai-verna-spied-interior
Pic Source: autojournal_india

हालाँकि, इसके इंजन विकल्प पहले जैसे ही रहेंगे, जिनमें 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल और 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन शामिल हैं। इसे मैनुअल और ऑटोमैटिक, दोनों ट्रांसमिशन विकल्पों के साथ पेश किया जाएगा। कुल मिलाकर, नई 2026 हुंडई वेर्ना मौजूदा मॉडल का अपडेटेड और ज्यादा प्रीमियम वर्ज़न होगा, जो अपने डिज़ाइन और फीचर्स की वजह से मिड-साइज़ सेडान सेगमेंट में फिर से पहचान बनाने की कोशिश करेगी।