Home कार न्यूज़ 2026 Honda City फेसलिफ्ट के इंटीरियर और फीचर्स का खुलासा, ब्लैक कलर...

2026 Honda City फेसलिफ्ट के इंटीरियर और फीचर्स का खुलासा, ब्लैक कलर में आई नजर

2026 Honda City Facelift

2026 Honda City में नया लुक और अपडेटेड इंटीरियर मिलेगा, लेकिन इंजन और बाकी मैकेनिकल चीजें पहले जैसी ही रहेंगी

होंडा कार्स इंडिया ने 22 मई को दिल्ली में होने वाली लॉन्चिंग से पहले सोशल मीडिया पर नई सिटी फेसलिफ्ट का आधिकारिक टीज़र जारी कर दिया है। हालांकि 2026 होंडा सिटी फेसलिफ्ट की तस्वीरें पहले ही लीक हो चुकी हैं और अब यह सेडान डीलरशिप्स पर पहुँचना शुरू हो गई है। इसी बीच शोरूम से नई होंडा सिटी फेसलिफ्ट की कई तस्वीरें सामने आई हैं।

तस्वीरों में नई होंडा सिटी फेसलिफ्ट ब्लैक और व्हाइट रंग में दिखाई दे रही है। इसके अलावा भी कई नए कलर ऑप्शन्स मिलने की उम्मीद है। खास बात यह है कि ब्लैक कलर इस फेसलिफ्ट मॉडल के साथ नया जोड़ा गया है, जो इसे ज्यादा स्पोर्टी और प्रीमियम लुक देता है। एक्सटीरियर की बात करें तो नई City में नए LED प्रोजेक्टर हेडलैंप्स दिए गए हैं, जिनमें आइब्रो-स्टाइल LED DRLs मिलते हैं।

फ्रंट ग्रिल अब पहले से पतली हो गई है और नया फ्रंट बंपर ज्यादा ब्लैक एलिमेंट्स के साथ आता है, जिससे कार का लुक ज्यादा शार्प दिखाई देता है। साथ ही नए 16-इंच अलॉय व्हील्स भी दिए गए हैं। पीछे की तरफ स्मोक्ड-इफेक्ट LED टेललैंप्स, नया रियर बंपर और इंटीग्रेटेड स्पॉइलर जैसे बदलाव देखने को मिलते हैं।

2026 Honda City Facelift (2)

इंटीरियर में भी कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं ताकि यह हुंडई वेर्ना, स्कोडा Slavia और Volkswagen Virtus जैसी सेडान को बेहतर टक्कर दे सके। नई होंडा सिटी फेसलिफ्ट में अब वेंटिलेटेड सीट्स मिलेंगी। इसके कंट्रोल्स ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल के पास दिए गए हैं। हालांकि, क्लाइमेट कंट्रोल अब भी सिंगल-जोन सिस्टम ही रहेगा।

सेंटर कंसोल का डिजाइन लगभग पहले जैसा है लेकिन इसमें नए कप होल्डर्स और ऊपर की तरफ शिफ्ट किया गया वायरलेस चार्जर देखने को मिलता है और इंफोटेनमेंट स्क्रीन अब पहले से बड़ी हो गई है। इसके अलावा, इसमें 360-डिग्री कैमरा सिस्टम और फ्रंट कैमरा भी मिलेगा। खास बात यह है कि होंडा का Lane Watch Assist फीचर बरकरार रखा गया है।

2026 Honda City Facelift (1)

इसमें मौजूदा 1.5-लीटर 4-सिलिंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन और 1.5-लीटर स्ट्रांग हाइब्रिड पेट्रोल इंजन जारी रहेंगे। पेट्रोल इंजन 121 एचपी की पावर और 145 Nm का टॉर्क देता है, जबकि हाइब्रिड वर्जन करीब 126 एचपी की पावर जनरेट करता है। ट्रांसमिशन विकल्पों में 6-स्पीड मैनुअल और CVT गियरबॉक्स पहले की तरह मिलेंगे।