
होंडा सिटी फेसलिफ्ट में कॉस्मेटिक बदलाव और कुछ नए फीचर्स जोड़े जाएंगे, जबकि ZR-V को CBU के रूप में भारत में लाया जाएगा
होंडा कार्स इंडिया 22 मई 2026 को दो नए मॉडल पेश करने की तैयारी कर रही है, जिनमें फेसलिफ्टेड Honda City और नई Honda ZR-V शामिल हैं। होंडा सिटी पिछले कुछ समय से मिडसाइज सेडान सेगमेंट में हुंडई वेर्ना, Virtus और Skoda Slavia जैसे फीचर-रिच प्रतिद्वंद्वियों से कड़ी टक्कर झेल रही है। इसी कमी को दूर करने के लिए 2026 फेसलिफ्ट में कुछ बदलाव किए जाएंगे।
यह पांचवीं जनरेशन City का दूसरा अपडेट होगा और इसमें बाहरी डिजाइन में हल्के बदलाव जैसे नए हेडलैम्प, टेललैम्प, बंपर और अलॉय व्हील्स देखने को मिल सकते हैं। इंटीरियर में ज्यादा बड़े अपडेट मिलने की उम्मीद है। इसमें बड़ा टचस्क्रीन सिस्टम, फुल डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, पावर्ड ड्राइवर सीट और 360-डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स जोड़े जा सकते हैं।
हालांकि, इंजन में कोई बदलाव नहीं होगा। इसमें 1.5-लीटर i-VTEC पेट्रोल इंजन (121 hp) और 1.5-लीटर हाइब्रिड इंजन (126 hp) पहले की तरह ही मिलेंगे, जो मैनुअल और CVT गियरबॉक्स के साथ आएंगे। इसी के साथ Honda ZR-V एसयूवी भी पेश की जाएगी, जिसे भारत में पूरी तरह से इंपोर्ट (CBU) के रूप में लाया जाएगा।

यह कंपनी की फ्लैगशिप SUV होगी और Volkswagen Tiguan व Skoda Kodiaq को टक्कर देगी। साइज की बात करें तो ZR-V की लंबाई 4,568 मिमी, चौड़ाई 1,840 मिमी और ऊंचाई 1,620 मिमी है, जबकि इसका व्हीलबेस 2,657 मिमी है। यह ग्लोबल HR-V और CR-V के बीच पोजिशन की गई Civic-बेस्ड SUV है और इसका डिजाइन Elevate से अलग और ज्यादा क्रॉसओवर स्टाइल का है।
इसमें 2.0-लीटर चार-सिलेंडर हाइब्रिड इंजन मिलेगा, जो करीब 180 एचपी की पावर देता है और e-CVT गियरबॉक्स के साथ आता है। फीचर्स की बात करें तो इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, कनेक्टेड टेक्नोलॉजी, मल्टी-फंक्शन स्टीयरिंग व्हील, पावर्ड सीट्स, पावर्ड टेलगेट, वायरलेस चार्जिंग और ADAS जैसे एडवांस फीचर्स मिलेंगे।

कुल मिलाकर, Honda City फेसलिफ्ट जहां फीचर्स के जरिए अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेगी, वहीं ZR-V SUV कंपनी के प्रीमियम सेगमेंट में नई एंट्री के रूप में आएगी।