Home बजाज  2026 बजाज पल्सर 150 नए फीचर्स के साथ हुई लॉन्च, कीमत 1.09...

2026 बजाज पल्सर 150 नए फीचर्स के साथ हुई लॉन्च, कीमत 1.09 लाख रुपये

New Pulsar 150

2026 बजाज पल्सर 150 में नए रंग विकल्प, नए एलईडी हेडलाइट और एलईडी टर्न इंडिकेटर दिए गए हैं

बजाज ऑटो ने भारतीय बाजार में 2026 बजाज पल्सर 150 को लॉन्च कर दिया है। यह बाइक तीन वेरिएंट SD, SD UG और TD UG में उपलब्ध है, जिनकी कीमतें क्रमशः 1.09 लाख रुपये, 1.12 लाख रुपये और 1.15 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) रखी गई हैं। यह बाइक देशभर के सभी बजाज के अधिकृत डीलरशिप्स पर बिक्री के लिए उपलब्ध होगी।

नई पल्सर 150 में कई विज़ुअल अपडेट और नए फीचर्स दिए गए हैं, जबकि इसके मैकेनिकल्स पहले जैसे ही रखे गए हैं। सबसे बड़ा बदलाव इसमें LED हेडलैंप और LED टर्न इंडिकेटर्स का स्टैंडर्ड तौर पर मिलना है। इसके अलावा, बाइक में नए रंग और अपडेटेड ग्राफिक्स दिए गए हैं, हालांकि इसका आइकॉनिक सिलुएट और मस्कुलर स्टांस बरकरार रखा गया है। 2026 पल्सर 150 को ग्रीन, ब्लू, ग्रे और रेड के साथ चार ड्यूल-टोन कलर ऑप्शन में खरीदा जा सकता है।

इस अपडेट पर बात करते हुए बजाज ऑटो लिमिटेड के मोटरसाइकिल बिज़नेस यूनिट के प्रेसिडेंट सरंग कनाडे ने कहा कि “पल्सर 150 ने कई पीढ़ियों तक परफॉर्मेंस मोटरसाइक्लिंग को परिभाषित किया है। इस अपडेट के साथ इसके क्लासिक कैरेक्टर को बनाए रखते हुए आधुनिक LED लाइटिंग जोड़ी गई है, ताकि पल्सर 150 आज के समय में भी प्रासंगिक और पहचान योग्य बनी रहे।”

New Pulsar 150 (1)

डिज़ाइन की बात करें तो नई पल्सर 150 में पहले वाले मॉडल के कई खास एलिमेंट्स बरकरार रखे गए हैं, जिनमें अलॉय व्हील्स, फ्यूल टैंक, सिंगल-सीट सेटअप, अपराइट राइडिंग पोज़िशन और एग्जॉस्ट पाइप शामिल हैं। बाइक में ऑल-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है, जिसमें ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, मोबाइल नोटिफिकेशन और राइड कनेक्ट ऐप का सपोर्ट मिलता है। इसका व्हीलबेस 1,320 मिमी है और यह 17-इंच के 6-स्पोक ब्लैक अलॉय व्हील्स पर चलती है, जिनमें ट्यूबलेस टायर्स लगे हैं।

सस्पेंशन के लिए इसमें आगे टेलिस्कोपिक फ्रंट फोर्क्स और पीछे ट्विन शॉक एब्जॉर्बर्स दिए गए हैं। ब्रेकिंग के लिए फ्रंट में डिस्क और रियर में ड्रम ब्रेक मिलता है, जबकि टॉप वेरिएंट TD UG में आगे और पीछे दोनों तरफ डिस्क ब्रेक दिए गए हैं। सेफ्टी के लिए बाइक में सिंगल-चैनल ABS स्टैंडर्ड है। इसका ग्राउंड क्लीयरेंस 165 मिमी है और फ्यूल टैंक की क्षमता 15 लीटर है।

New Pulsar 150 (2)

इंजन की बात करें तो 2026 बजाज पल्सर 150 में वही 149.5cc सिंगल-सिलेंडर ट्विन स्पार्क पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 13.8 bhp की पावर और 13.4 Nm का टॉर्क उत्पन करता है। यह इंजन 5-स्पीड गियरबॉक्स से जुड़ा है। पुराने मॉडल की तुलना में नई पल्सर 150 की कीमत लगभग 3,000–4,000 रुपये ज्यादा रखी गई है।