
2026 Aprilia RS 457 और Tuono 457 की कीमतों में 29,000 रुपये तक की कटौती की गई है
Aprilia India ने अपनी लोकप्रिय बाइक्स RS 457 और Tuono 457 को भारतीय बाजार में नए अपडेट के साथ लॉन्च किया है। खास बात यह है कि GST 2.0 टैक्स स्लैब के कारण बढ़ी कीमतों के बाद अब इन दोनों मोटरसाइकिलों की कीमतों में कटौती की गई है, जिससे ग्राहकों को बड़ा फायदा मिलेगा। दोनों बाइक्स की कीमतों में 27,000 रुपये से लेकर 29,000 तक की कमी की गई है।
2026 Aprilia RS 457 अब नए Coral Blue Snake और Arsenic Yellow कलर ऑप्शन में उपलब्ध है। इन नए वेरिएंट्स की कीमत 4.22 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है, जो पहले की तुलना में करीब 29,000 रुपये कम है। इसके अलावा, कंपनी ने RS 457 GP Replica एडिशन भी लॉन्च किया है, जिसकी कीमत 4.37 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।
यह एडिशन Aprilia की RS-GP रेस बाइक से प्रेरित डिजाइन के साथ आता है और इसमें स्पोर्टी ग्राफिक्स व प्रीमियम फिनिश मिलती है। इस वेरिएंट में बाय-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर, एडजस्टेबल ब्रेक और क्लच लीवर जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड दिए गए हैं।2026 Aprilia Tuono 457 की कीमत अब 3.97 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है, जिसमें 27,000 रुपये की कटौती की गई है। GST 2.0 लागू होने के बाद इसकी कीमत 4.24 लाख रुपये तक पहुंच गई थी, लेकिन अब इसे फिर से अधिक किफायती बना दिया गया है।

Tuono 457 में वही 457cc लिक्विड-कूल्ड पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है, जो RS 457 में मिलता है। यह इंजन 47.6 PS की पावर और 43.5 Nm का टॉर्क जनरेट करता है, जिसे 6-स्पीड गियरबॉक्स और स्लिपर क्लच के साथ जोड़ा गया है।Aprilia RS 457 एक ट्विन-बीम एल्युमिनियम फ्रेम, 41mm USD फ्रंट फोर्क, रियर मोनोशॉक, और 17-इंच अलॉय व्हील्स के साथ आती है। ब्रेकिंग के लिए इसमें 320mm फ्रंट डिस्क, 220mm रियर डिस्क, ड्यूल-चैनल ABS और ByBre कैलिपर्स दिए गए हैं।
इलेक्ट्रॉनिक फीचर्स में राइड-बाय-वायर, तीन राइडिंग मोड्स, स्विचेबल ट्रैक्शन कंट्रोल, फुल LED लाइटिंग, और 5-इंच TFT कलर डिस्प्ले शामिल हैं। बाइक का कर्ब वेट 175 किलोग्राम, फ्यूल टैंक 13 लीटर और सीट हाइट 800 मिमी है। वहीं Aprilia Tuono 457 को एक स्ट्रीटफाइटर डिजाइन, कॉम्पैक्ट बॉडी, एक्सपोज़्ड बॉडीवर्क और स्लीक LED लाइटिंग के साथ पेश किया गया है, जो इसे स्पोर्टी और एग्रेसिव लुक देता है।

कीमतों में कटौती, नए कलर ऑप्शन और GP Replica एडिशन के साथ 2026 Aprilia RS 457 और Tuono 457 अब पहले से ज्यादा आकर्षक बन गई हैं। यह अपडेट दोनों बाइक्स को मिड-कैपेसिटी प्रीमियम स्पोर्ट्स सेगमेंट में और भी मजबूत बनाता है।