2025 Renault Triber भारत में हुई लॉन्च, कीमत 6.29 लाख से शुरू – 6 एयरबैग, फ्रंट पार्किंग सेंसर

2025 Renault Triber की कीमत 6.29 लाख से शुरू होकर 9.16 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है और इसमें नए फीचर्स के साथ अपडेटेड डिज़ाइन मिलता है

रेनो इंडिया ने आज भारतीय बाजार में नई Triber एमपीवी को 6.29 लाख की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया है और टॉप मॉडल Emotion AMT की कीमत 9.16 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है। अपडेटेड ट्राइबर में अब ब्रांड का नया इंटरलॉक्ड डायमंड-आकार का लोगो पहली बार किसी भारतीय मॉडल पर उपलब्ध है।

इवोल्यूशन मैनुअल ट्रिम की कीमत 7.24 लाख रुपये, टेक्नो मैनुअल ट्रिम की कीमत 7.99 लाख रुपये और इमोशन वेरिएंट मैनुअल की कीमत 8.64 लाख रुपये (सभी कीमतें, एक्स-शोरूम) है। बाहरी अपडेट्स में नए डिज़ाइन वाली चमकदार काली फ्रंट ग्रिल, डार्क ट्रिम एलिमेंट से जुड़े स्मोक्ड आउट एलईडी टेल लैंप और एलईडी डे-टाइम रनिंग लाइट्स वाले नए आकार के हेडलैंप शामिल हैं। हालाँकि, कुल मिलाकर आकार और सिल्हूट में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

कंपनी ने शैडो ग्रे, एम्बर टेराकोटा और ज़ांस्कर ब्लू के साथ 3 नए रंग जोड़े हैं। अंदर की तरफ, इस तीन-पंक्ति वाली कॉम्पैक्ट एमपीवी को नए अपहोल्स्ट्री पैटर्न और थोड़े बदले हुए डैशबोर्ड लेआउट के साथ पेश किया गया है। इसके अलावा, इसमें एलईडी इंटीरियर लाइटिंग, फ्रंट पार्किंग सेंसर और अपडेटेड डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर जैसे कुछ नए फ़ीचर भी जोड़े गए हैं।

2025 renault Triber (1)

8-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और 6 एयरबैग जैसे मौजूदा उपकरण बिना किसी बदलाव के बरकरार रखे गए हैं। जैसा कि हमने आपको पहले बताया, पावरट्रेन विकल्प को बिना किसी बदलाव के बरकरार रखा गया है और इसमें 1.0-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन लगा है जो 71 बीएचपी की अधिकतम पावर और 96 एनएम का पीक टॉर्क उत्पन करता है।

इसमें 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड एएमटी ट्रांसमिशन मिलता है। वैकल्पिक ईंधन विकल्पों की तलाश कर रहे खरीदारों के लिए, सरकार द्वारा अनुमोदित सीएनजी किट भी उपलब्ध है। यह रेनो के डीलर नेटवर्क के माध्यम से पूरे भारत में उपलब्ध है। नई ट्राइबर के साथ स्टैंडर्ड तीन साल या एक लाख किलोमीटर की योजना उपलब्ध है।

2025 renault Triber (2)

एक्सटेंडेड 7-वर्ष/असीमित किलोमीटर पैकेज अलग से चुना जा सकता है, साथ ही नए RSA और AMC प्लान भी उपलब्ध है। कॉस्मेटिक बदलावों और अतिरिक्त सुविधाओं के बावजूद, ट्राइबर बाज़ार में सबसे किफायती MPV बनी हुई है। इसके बाद, अगली पीढ़ी की डस्टर और उसका 7-सीटर वर्ज़न निकट भविष्य में भारत में लॉन्च होगा।