2025 Renault Kiger फेसलिफ्ट में 35 से ज़्यादा बदलाव किए गए हैं, जिनमें नया एक्सटीरियर और इंटीरियर डिज़ाइन, बेहतर तकनीक और सेफ्टी फीचर्स शामिल हैं
2025 रेनो काइगर फेसलिफ्ट को भारतीय बाजार में 6.29 लाख से लेकर 11.29 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत में लॉन्च किया गया है। एसयूवी पेट्रोल इंजनों के एक ही सेट को बनाए रखते हुए कई कॉस्मेटिक अपडेट और नए फीचर्स के साथ आती है। एसयूवी का फेसलिफ्ट वर्जन ऑथेंटिक, इवोल्यूशन, टेक्नो और इमोशन वेरिएंट में आता है। नए फीचर्स और रिफ्रेश्ड स्टाइलिंग के चलते 2025 काइगर फेसलिफ्ट मौजूदा मॉडल से लगभग 14,000 रुपये ज़्यादा महंगी है।
डिज़ाइन की बात करें तो, 2025 रेनो काइगर फेसलिफ्ट में सी-पिलर पर नए ग्राफ़िक्स, 16-इंच डायमंड-कट अलॉय व्हील्स और नए डिज़ाइन वाले रेनो लोगो जैसे विज़ुअल अपडेट्स दिए गए हैं। इसमें सिल्वर सराउंड के साथ ट्वीक्ड फ्रंट बंपर, एलईडी हेडलैंप और फॉग लैंप हाउसिंग भी हैं। रेंज-टॉपिंग वेरिएंट में रूफ पर डुअल-टोन फिनिश भी मिलती है।
काइगर फेसलिफ्ट को ओएसिस येलो के रूप में एक नए और खास रंग में पेश किया गया है। इस नए रंग के साथ ब्लैक फ्रंट ग्रिल, मेटैलिक ग्रे स्किड प्लेट और चौकोर लुक बेहद खूबसूरत लगता है। ओएसिस येलो के अलावा, यह नई एसयूवी छह और रंगों में उपलब्ध है, जिनमें शैडो ग्रे, रेडिएंट रेड, कैस्पियन ब्लू, आइस कूल व्हाइट, मूनलाइट सिल्वर और स्टील्थ ब्लैक शामिल हैं।

केबिन के अंदर, 2025 काइगर फेसलिफ्ट में नया डुअल-टोन ब्लैक और ग्रे डैशबोर्ड, नए अपहोल्स्ट्री में वेंटिलेटेड लेदरेट सीटें और बेहतर नॉइज़ इंसुलेशन दिया गया है। इस एसयूवी के कुछ उल्लेखनीय फीचर्स में मल्टी-व्यू कैमरा, ऑटोमैटिक हेडलैंप, रेन सेंसिंग वाइपर, वायरलेस स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, 8-इंच फ्लोटिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और प्रीमियम 3D ARKAMYS सराउंड साउंड सिस्टम शामिल हैं।
इस अवसर पर, रेनो इंडिया के एमडी और सीईओ, वेंकटराम मामिलपल्ले ने कहा, “हम एक ऐसे सेगमेंट में नई काइगर को लॉन्च करते हुए उत्साहित हैं जो सबसे तेज़ी से बढ़ रहा है और देश की एसयूवी बिक्री में 50% और टीआईवी में 31% का योगदान देता है। काइगर अपने सेगमेंट में एक अनूठा उत्पाद रहा है, और इस नवीनतम विकास के साथ, हम भारतीय ग्राहकों के लिए नया डिज़ाइन, बुद्धिमान इंजीनियरिंग और वास्तविक दुनिया के प्रदर्शन को सुलभ बनाने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं। यह रेनो की भारत-केंद्रित परिवर्तन यात्रा में एक महत्वपूर्ण क्षण है।”

रेनो का दावा है कि 2025 काइगर फेसलिफ्ट में सेगमेंट में सबसे ज़्यादा रियर नी-रूम स्पेस दिया गया है। इस नई एसयूवी में इको, नॉर्मल और स्पोर्ट के रूप में तीन ड्राइव मोड भी दिए गए हैं। इस फ्रांसीसी ब्रांड ने एसयूवी के सभी वेरिएंट में 21 सेफ्टी फीचर्स मिलते हैं, जिनमें 6 एयरबैग, ईएसपी, ट्रैक्शन कंट्रोल, हिल स्टार्ट असिस्ट और आईएसओफिक्स चाइल्ड सीट एंकरेज आदि शामिल हैं।
काइगर फेसलिफ्ट में वही नैचुरली-एस्पिरेटेड 1.0 लीटर और 1.0 लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन दिए गए हैं। पहला इंजन 71 बीएचपी की अधिकतम पावर और 96 एनएम का पीक टॉर्क उत्पन करता है, जबकि दूसरा इंजन 98.5 बीएचपी की पावर और 160 एनएम का टॉर्क देता है। दोनों इंजनों के साथ 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन स्टैंडर्ड आता है, जबकि 1.0 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड इंजन के साथ 5-स्पीड AMT यूनिट और 1.0 लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ CVT गियरबॉक्स दिया गया है।