2025 Honda Dio 125 को DLX और H-Smart के साथ 2 वेरिएंट में पेश किया गया है और इसमें नए रंग और ग्राफिक्स, TFT डिस्प्ले और अपडेटेड इंजन दिया गया है
होंडा 2-व्हीलर्स इंडिया ने घरेलू बाजार में OBD-2B इंजन के साथ 2025 Dio 125 को 2 वेरिएंट में लॉन्च किया है। DLX और H-Smart वेरिएंट की कीमत क्रमशः 96,749 रुपये और 1.02 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, पुणे) है और यह भारत भर में कंपनी के सभी अधिकृत डीलरशिप पर उपलब्ध होगा।
2025 होंडा डियो 125 को नए ग्राफिक्स, नए रंगों और अपडेटेड पावरट्रेन के साथ पेश किया गया है। 125cc स्कूटर का मुकाबला TVS Ntorq 125, Suzuki Avenis 125 और Hero Xoom 125 से होगा। कॉस्मेटिक रूप से, 2025 होंडा डियो 125 में वही सिल्हूट है, हालाँकि इसमें नए ग्राफ़िक्स मिलते हैं।
इसे कुल पाँच रंगों में उपलब्ध कराया गया है, जिनमें मैट मार्वल ब्लू मेटैलिक, पर्ल डीप ग्राउंड ग्रे, पर्ल स्पोर्ट्स येलो, पर्ल इग्नियस ब्लैक और इंपीरियल रेड शामिल है। स्कूटर में कोई अन्य ध्यान देने योग्य विज़ुअल अपडेट नहीं है। होंडा ने 2025 डियो 125 में माइलेज इंडिकेटर, ट्रिप मीटर, इको इंडिकेटर और रेंज (खाली होने की दूरी) के साथ नया 4.2-इंच TFT इंस्ट्रूमेंट कंसोल दिया है।

नेविगेशन और कॉल/मैसेज अलर्ट जैसी सुविधाओं तक पहुँचने के लिए स्मार्टफोन को होंडा रोडसिंक ऐप के ज़रिए स्कूटर से जोड़ा गया है। इसके अलावा, इसमें स्मार्ट चाबी और USB टाइप-C चार्जिंग पोर्ट भी स्टैण्डर्ड फिटमेंट के तौर पर दिए गए हैं।मैकेनिकली, 2025 डियो 125 में वही 123.92cc सिंगल-सिलेंडर PGM-Fi इंजन लगा है।
इसे नवीनतम OBD-2B उत्सर्जन मानदंडों को पूरा करने के लिए अपडेट किया गया है। यह इंजन 8.19 बीएचपी की अधिकतम पावर और 10.5 एनएम का उच्चतम टॉर्क विकसित करता है। माइलेज बढ़ाने के लिए इंजन को एडवांस्ड आइडलिंग स्टॉप सिस्टम से भी जोड़ा गया है।

OBD2B Dio 125 को पेश करते हुए होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया के प्रबंध निदेशक, अध्यक्ष और सीईओ, श्री त्सुत्सुमु ओटानी ने कहा, “21 से अधिक वर्षों से, Dio भारतीय बाजार में एक प्रतिष्ठित नाम रहा है, जो स्टाइल, प्रदर्शन और भरोसे का प्रतीक है। यह हमेशा से ही ट्रेंडी और भरोसेमंद मोटो-स्कूटर की तलाश करने वाले ग्राहकों की पहली पसंद रहा है। नए OBD2B Dio 125 के लॉन्च के साथ, हम अपने ग्राहकों के लिए अतिरिक्त मूल्य और उत्साह के साथ इसकी प्रतिष्ठित विरासत को आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित हैं।”