चौथी पीढ़ी की स्विफ्ट को पेश करने के बाद, मारुति सुजुकी जल्द ही भारतीय बाजार में इसका सीएनजी संस्करण भी पेश करेगी
मारुति सुजुकी ने हाल ही में चौथी पीढ़ी की स्विफ्ट को भारतीय बाजार में 6.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर लॉन्च किया है, जो टॉप मॉडल के लिए 9.64 लाख रूपए तक जाती है। वहीं कंपनी आने वाले महीनों में 2024 स्विफ्ट के लिए सीएनजी वेरिएंट पेश करने पर काम कर रही है।
डिजाइन के मामले में नई स्विफ्ट में पियानो फिनिश फ्रंट ग्रिल, एलईडी प्रोजेक्टर हेडलैंप, एलईडी डीआरएल, नए एलईडी टेल-लैंप, नए फ्रंट और रियर बंपर, 15-इंच के ड्यूल-टोन अलॉय व्हील और बहुत कुछ जैसे कई बदलाव देखने को मिलेंगे। नई मारुति सुजुकी स्विफ्ट में 1.2-लीटर तीन-सिलेंडर Z-सीरीज NA पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 82 एचपी की अधिकतम पावर और 112 एनएम का पीक टॉर्क उत्पन करता है।
इंजन को 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स (वैकल्पिक) के साथ जोड़ा गया है। चौथी पीढ़ी की स्विफ्ट पहली मारुति सुजुकी कार होगी जिसमें CNG विकल्प के साथ नया 3-सिलेंडर Z-सीरीज इंजन दिया जाएगा। उम्मीद है कि पेट्रोल-सीएनसी पावरट्रेन के आउटपुट आंकड़े कम हो सकते हैं और हैचबैक केवल मैनुअल गियरबॉक्स में उपलब्ध हो सकती है।

नई मारुति सुजुकी स्विफ्ट मैनुअल में 24.80 किमी प्रति लीटर और एएमटी में 25.75 किमी प्रति लीटर की माइलेज मिलती है। नई स्विफ्ट के सीएनजी वेरिएंट में 32 किलोमीटर/ किलोग्राम से अधिक की माइलेज मिलने की संभावना है। चौथी पीढ़ी की स्विफ्ट की कीमत 6.49 लाख रुपये से शुरू होकर 9.64 लाख रुपये (दोनों कीमतें, एक्स-शोरूम) तक जाती हैं।
हमें उम्मीद है कि 2024 स्विफ्ट सीएनजी पेट्रोल वेरिएंट की तुलना में 90,000 रुपये महंगी होगी। कंपनी ने अभी तक यह जानकारी नहीं दी है कि कौन से वेरिएंट सीएनजी पावरट्रेन के साथ उपलब्ध होंगे। लॉन्च होने के बाद, नई स्विफ्ट सीएनजी भारतीय बाजार में टाटा टियागो और हुंडई ग्रैंड आई10 निओस को कड़ी टक्कर देगी।
वर्तमान में टाटा टियागो सीएनजी एकमात्र सीएनजी हैचबैक है, जिसमें 5-स्पीड एएमटी गियरबॉक्स मिलता है। यह 72 बीएचपी का पावर आउटपुट और 95 एनएम का टॉर्क पैदा करता है। हुंडई ग्रैंड आई10 निओस 68 बीएचपी की पावर और 95.2 एनएम का टॉर्क देती है, जबकि ये 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन से लैस है।