2023 होंडा सिटी फेसलिफ्ट लॉन्च से पहले हुई लीक, वीडियो में जानें खासियत

honda-city-facelift-3.jpg

होंडा सिटी फेसलिफ्ट को 1.5 लीटर पेट्रोल और 1.5 लीटर स्ट्रांग हाइब्रिड इंजन के साथ पेश किया जाएगा, वहीं कठोर RDE उत्सर्जन मानदंडों के कारण डीजल इंजन को बंद कर दिया गया है

होंडा कार्स इंडिया जल्द ही घरेलू बाजार में फेसलिफ़्टेड सिटी को आधिकारिक रूप से लॉन्च करेगी। पांचवीं पीढ़ी की मध्यम आकार की सेडान ने कुछ साल पहले बाजार में अपनी शुरुआत की थी और स्ट्रांग हाइब्रिड संस्करण बाद में लाइनअप में शामिल हुआ था। 2023 होंडा सिटी अपने सेगमेंट में सबसे ज्यादा बिकने वाले मॉडल में से एक है और एक वीडियो में टॉप-स्पेक वेरिएंट का खुलासा किया गया है।

2023 होंडा सिटी डीलरशिप पर पहुंचनी शुरू हो गई है और वीडियो अपडेटेड फ्रंट डिज़ाइन की उपस्थिति दिखाता है। 5-सीटर सेडान में ब्लैक हनीकॉम्ब इंसर्ट्स के साथ स्लिमर क्रोम ग्रिल है, जबकि अपडेटेड फ्रंट बम्पर में नए फॉग लैंप हाउसिंग और नया लोअर एयर इनटेक है। पीछे की ओर बम्पर को संशोधित किया गया है और रिफ्लेक्टरों को बदल दिया गया है।

कोई अन्य कॉस्मेटिक बदलाव नहीं किए गए हैं, क्योंकि एलईडी हेडलैंप, बोनट, साइड प्रोफाइल, अलॉय व्हील, टेल लैंप आदि पहले जैसे ही हैं। लाइनअप में एक नया ओब्सीडियन ब्लू कलर को जोड़ा गया है और मौजूदा रंगों जैसे रेडिएंट रेड मेटैलिक, प्लेटिनम व्हाइट पर्ल, लूनर सिल्वर मेटैलिक, गोल्डन ब्राउन मेटैलिक और मेटेरॉयड ग्रे मेटैलिक को बरकरार रखा गया है।

SV के रूप में जाना जाने वाला एक नया एंट्री-लेवल पेट्रोल वेरिएंट शामिल किया गया है और इसे केवल मैनुअल गियरबॉक्स के साथ बेचा जाएगा। इसके साथ V, VX और ZX होंगे। वहीं 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन 121 एचपी की पावर का उत्पादन करता है, जबकि स्ट्रांग हाइब्रिड इंजन 126 एचपी की पावर का उत्पादन करता है और यह RDE अनुरूप होगा। स्ट्रांग हाइब्रिड का दावा किया गया माइलेज 26.5 किमी/लीटर है और नियमित पेट्रोल में यह 18.4 किमी/लीटर है।

e:HEV सिस्टम को केवल एक eCVT ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा गया है और यह एक समर्पित इलेक्ट्रिक मोड को सक्षम करता है। डीज़ल इंजन को पूरी होंडा रेंज में बंद कर दिया गया है। 2023 Honda City को कुल नौ वेरिएंट्स में बेचा जाएगा और टॉप-स्पेक ADAS से लैस वेरिएंट्स में ऑटोनॉमस इमरजेंसी ब्रेकिंग, एडेप्टिव क्रूज़ कंट्रोल वगैरह जैसे फीचर्स दिए गए हैं।

नई 2023 होंडा सिटी e:HEV V ट्रिम को ZX हाइब्रिड के नीचे पोजिशन किया जाएगा। सिटी VW वर्चुस और स्कोडा स्लाविया को टक्कर देना जारी रखेगी, जबकि इसकी मुख्य प्रतिद्वंद्वी हुंडई वेर्ना के नए जेनेरशन को 21 मार्च को लॉन्च किया जाएगा।