2022 टाटा नेक्सन लॉन्ग रेंज वेरिएंट को एक नया 40kWh बैटरी पैक मिल सकता है, जो एक बार चार्ज होने पर लगभग 400 किमी की रेंज देने में सक्षम होगा
टाटा मोटर्स ने अंततः भारत में अपनी प्रमुख इलेक्ट्रिक एसयूवी नेक्सन ईवी के लॉन्ग रेंज वेरिएंट के लॉन्च की तारीख की घोषणा कर दी है। कंपनी ने कहा है कि वह 2022 नेक्सन ईवी को भारत में 11 मई 2022 को लॉन्च करेगी। इससे पहले इसके देश में 20 अप्रैल को लॉन्च होने की उम्मीद थी। इस अपडेट के साथ कार को कुछ नए फीचर्स और अतिरिक्त रेंज मिलेगी।
उम्मीद है कि नेक्सन ईवी लॉन्ग रेंज वेरिएंट को एक नया 40kWh बैटरी पैक मिलेगा, जो मौजूदा मॉडल के 30.2kWh यूनिट के मुकाबले 30 प्रतिशत ज्यादा बड़ा है। इस बैटरी पैक के साथ कार में एक बार चार्ज होने पर 400 किमी की रेंज होने की उम्मीद है। वहीं मौजूदा मॉडल एक बार चार्ज होने पर 312 किमी की रेंज देता है।
टाटा मोटर्स नए वर्जन के साथ नेक्सन ईवी के मौजूदा वेरिएंट की भी बिक्री जारी रखेगी और इसमें बड़ी बैटरी को समायोजित करने के लिए फर्श को संशोधित करेगी, जिससे इसका बूट स्पेस प्रभावित होगा। नई नेक्सन ईवी में ज्यादा शक्तिशाली 6.6kW AC चार्जर विकल्प मिलने की उम्मीद है, जबकि मौजूदा मॉडल 3.3kW AC चार्जर के साथ पेश किया जाता है और बैटरी को चार्ज करने में लगभग 10 घंटे का समय लेता है।
2022 टाटा नेक्सन ईवी को रीजनेशन मोड भी मिलने की उम्मीद है। यह ड्राइवरों को रिजेनरेटिव ब्रेकिंग की तीव्रता को समायोजित करने में सक्षम करेगा, जो रेंज को और बेहतर बनाने में मदद करता है। इसे मौजूदा मॉडल के मुकाबले कुछ नए फीचर्स भी मिलने की उम्मीद है और यह नेक्सन की तरह एयर प्यूरीफायर और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट आदि से लैस हो सकती है।
नई नेक्सन ईवी को क्रूज़ कंट्रोल, पार्क मोड और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP) मिलने की भी उम्मीद है। ब़ड़ा बैटरी पैक, अतिरिक्त रेंज और नए फीचर्स को देखते हुए 2022 नेक्सन ईवी की कीमत में मौजूदा मॉडल के मुकाबले करीब 3 लाख रुपए की वृद्धि हो सकती है। भारत में नेक्सन ईवी लॉन्ग रेंज का मुकाबला एमजी जेडएस ईवी और हुंडई कोना इलेक्ट्रिक जैसी कारों से होगा।
बता दें कि टाटा मोटर्स ने हल ही में AVINYA इलेक्ट्रिक कार के कॉन्सेप्ट का अनावरण किया है, जिसके उत्पादन वर्जन के साल 2025 में लॉन्च होने की उम्मीद है। इसके उत्पादन वर्जन में एक बार चार्ज होने पर करीब 500 किमी की रेंज होगी। वहीं कंपनी ने हाल ही में कर्व इलेक्ट्रिक कॉन्सेप्ट का भी अनावरण किया था और इसे देश में अगले दो सालों में लॉन्च किया जाएगा।