2022 मारूति सुजुकी XL6 भारत में हुई लॉन्च, कीमत 11.29 लाख रूपए से शुरू

2022 मारूति सुजुकी XL6 1.5-लीटर, K15C डुअलजेट जेट, डुअल VVT पेट्रोल इंजन द्वारा संचालित है, जो 103 पीएस की पावर और 136.8 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करता है

भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारूति सुजुकी ने हाल ही में अपनी लोकप्रिय एमपीवी एर्टिगा के अपग्रेड वर्जन को लॉन्च किया था और अब कंपनी ने इसकी प्रीमियम सिबलिंग XL6 के अपडेट वर्जन को भी लॉन्च कर दिया है, जो खरीददारों के लिए जेटा, अल्फा, अल्फा प्लस और अल्फा प्लस ड्यूल टोन के साथ 4 वेरिएंट में उपलब्ध है और इसकी कीमत 11.29 लाख रूपए से शुरू होकर 14.55 लाख रूपए (सभी, एक्स-शोरूम) तक जाती है।

मारूति सुजुकी ने पहले ही 2022 एक्सएल6 के लिए बुकिंग शुरू दी थी, जिसकी टोकन राशि 11,000 रूपए रखी गई थी। XL6 भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाली एमपीवी में से एक रही है और इसे देश में पहली बार साल 2019 में लॉन्च किया गया था। इस तरह इसे मिला यह पहला अपडेट भी है, जिसे कंपनी ने प्रतिस्पर्धी बाजार की नई जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पेश किया है।

इस अवसर पर मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और सीईओ Hisashi Takeuchi ने कहा कि XL6 नेक्सा में हमारे लिए एक बहुत ही सफल मॉडल रहा है। इसने कम समय में प्रीमियम एमपीवी के रूप में अपने लिए जगह बनाने में कामयाबी हासिल की है। अब यह एक बोल्डर, फीचर-पैक, प्रीमियम यूटिलिटी व्हीकल के लिए विकसित हो रहे ग्राहकों की आकांक्षाओं ने हमें ऑल-न्यू XL6 पेश करने के लिए प्रेरित किया है और हमें उम्मीद है कि यह खरीददारों को पसंद आएगी। 2022 Maruti Suzuki XL6इसके पहले उम्मीद थी कि XL6 को 7-सीटर वेरिएंट में भी पेश किया जाएगा, लेकिन यह 6-सीटर लेआउट में ही जारी रहेगी। एक्सटीरियर की बात करें तो अपडेटेड XL6 में एक संशोधित फ्रंट ग्रिल है, जिसकी चौड़ाई में एक प्रमुख क्रोम ट्रिम चल रहा है। इसमें नए 16-इंच के ड्यूल-टोन अलॉय व्हील हैं और फ्रंट व रियर दोनों बंपर नए हैं, जो एमपीवी को बेहतर स्टांस प्रदान करते हैं। कार के अन्य उल्लेखनीय विजुअल हाइलाइट्स में शार्क-फिन एंटीना, रूफ-माउंटेड स्पॉयलर और रूफ रेल आदि शामिल हैं।

अपडेटेड XL6 को 9 कलर में पेश किया गया है, जिसमें आर्कटिक व्हाइट, स्प्लेंडिड सिल्वर, ग्रैंड्योर ग्रे, ब्रेव खाकी, ऑपुलेंट रेड और सेलेस्टियल ब्लू शामिल है, वहीं इसे रेड, सिल्वर और खाकी शेड्स में ब्लैक रूफ के साथ डुअल-टोन कलर ऑप्शन भी मिलते हैं। हालाँकि नई XL6 में डुअल-टोन कलर विकल्प केवल टॉप-स्पेक ट्रिम तक ही सीमित है। फीचर्स की बात करें तो इसे 7.0-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है, जो स्मार्टप्ले प्रो स्टूडियो और इन-बिल्ट सुजुकी कनेक्ट टेलीमैटिक्स के साथ आता है। कार के टॉप-स्पेक वैरिएंट को वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें भी दी गई हैं। 2022 Maruti Suzuki XL6एक्सएल6 के उल्लेखनीय परिवर्तन में टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), 360-डिग्री कैमरा और एक IR (इन्फ्रारेड रिफ्लेक्टिव) और UV-प्रूफ विंडशील्ड शामिल हैं। इसके अलावा इसे स्मार्टफोन कनेक्टिविटी के साथ वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और ऐप्पल कारप्ले दिया गया है, जबकि सेफ्टी फीचर्स में चार एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम के साथ हिल होल्ड असिस्ट स्टैण्डर्ड के तौर पर पेश किए जा रहे हैं। एमपीवी के सभी ऑटोमैटिक वेरिएंट्स में स्टीयरिंग व्हील के पीछे पैडल शिफ्टर्स भी दिए जा रहे है।

2022 मारूति सुजुकी एक्सएल6 को पावर देने के लिए एर्टिगा की तरह एक नया 1.5-लीटर, K15C डुअलजेट पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 103 पीएस की पावर और 136.8 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करता है। ट्रांसमिशन विकल्पों में 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स और एक नया 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक शामिल है, जो आउटगोइंग मॉडल के 4-स्पीड यूनिट की जगह ले रहा है।2022 Maruti Suzuki XL6यह इंजन माइल्ड-हाइब्रिड सिस्टम के साथ आता है जिसमें एक स्टार्ट/स्टॉप कार्यक्षमता और एक इंटीग्रेटेड स्टार्टर जनरेटर (ISG) शामिल है। कंपनी का दावा है कि इसका मैनुअल वर्जन 20.51 किमी प्रति लीटर और ऑटोमेटिक वर्जन 20.30 किमी प्रति लीटर का माइलेज देता है। भारत में मारूति सुजुकी एक्सएल6 का मुकाबला किआ कैरेंस, महिंद्रा मराजो और टोयोटा इनोवा क्रिस्टा के बेस वेरिएंट से है।