2022 जीप कंपास ट्रेलह़ॉक 2.0-लीटर, 4-सिलेंडर, टर्बोचार्ज्ड डीजल इंजन द्वारा संचालित है, जो 170 पीएस की पावर और 350 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करता है
जीप इंडिया ने भारत में कंपास ट्रेलहॉक वेरिएंट को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस वेरिएंट की कीमत 30.72 लाख (एक्स-शोरूम) रूपए रखी है। यह एसयूवी कंपास का ज्यादा ऑफ-रोड फोकस्ड वेरिएंट है और कंपास के टॉप एस ट्रिम पर आधारित है। इस वेरिएंट को रेग्यूलर मॉडल के मुकाबले ज्यादा सुविधाओं के साथ लैस किया गया है।
2022 जीप कंपास ट्रेलहॉक को पिछले वर्जन की तुलना में कई एक्सटेरियर और इंटीरियर में अपडेट प्राप्त हुए हैं और इसे कई नई सुविधाओं के साथ पेश किया गया है। एक्सटेरियर के फ्रंट में अपडेटेड हेडलैम्प्स और ग्रिल सेक्शन है, जबकि नीचे की ओर छोटे बंपर देखे जा सकते हैं। इसके बोनट पर एक प्रमुख डिकल भी है, जबकि रियर में रेड कलर में टो हुक और ट्रेलहॉक लोगो, स्कफ प्लेट्स, ट्रेल रेटेड बैज और 17-इंच का ऑल-वेदर टायर है।
केबिन में कंट्रास्ट रेड स्टिचिंग और सीटों पर ट्रेलहॉक वर्डिंग है, जबकि फीचर्स के रूप में इसे 10.1-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल, वेंटीलेटेड और मेमोरी फ़ंक्शन के साथ पावर्ड फ्रंट सीटें, रेन-सेंसिंग वाइपर, 360-डिग्री कैमरा सिस्टम, पैनोरमिक सनरूफ और ऑटो-डिमिंग IRVM मिल रहे हैं।
नई कंपास ट्रेलहॉक फेसलिफ्ट की सबसे बड़ी खासियत इसका ऑफ-रोड केंद्रित सेट-अप है और यात्रियों की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा गया है। इसे सुरक्षा सुविधाओं के रूप में एबीएस के साथ ईबीडी, ईपीबी, टीसीएस, ईएससी, टीपीएमएस, छह एयरबैग, हिल डिसेंट कंट्रोल और हिल स्टार्ट असिस्ट दिया गया हैं।
कार में बेहतर ऑफ-रोड क्षमता के लिए ग्राउंड क्लियरेंस बढ़ाकर 205 मिमी कर दिया गया है, जबकि नए बंपर के साथ इसे 30 डिग्री का बैटरी एप्रोच कोण मिलता है। रेग्यूलर कंपास की तुलना में, यह एक समर्पित रॉक ड्राइव मोड के साथ आता है, जबकि इसका बढ़ा हुआ सस्पेंशन बेहतर वाटर वैडिंग क्षमता को सक्षम करता है।
2022 कंपास ट्रेलह़ॉक को पावर देने के लिए 2.0-लीटर, 4-सिलेंडर, टर्बोचार्ज्ड डीजल इंजन दिया गया है, जो कि 170 पीएस की अधिकतम पावर और 350 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करता है। इस इंजन को 9-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा जाता है, जो सभी चारों व्हील को पावर ट्रांसफर करता है। इसके अलावा कंपनी जल्द ही भारत में कंपास पर आधारित तीन पंक्ति वाली एसयूवी मेरिडियन और ग्रैंड चेरोकी को भी लॉन्च करने की योजना बना रही है।