
2022 हुंडई वेन्यू को एक्सटीरियर, इंटीरियर में अपडेट और नए फीचर्स के साथ अगले महीनें लॉन्च किया जा सकता है, जबकि इंजन विकल्प अपरिवर्तित रहेंगे
हुंडई इंडिया ने साल 2019 में भारत में अपनी कॉम्पैक्ट एसयूवी वेन्यू को लॉन्च किया था। इस एसयूवी को देश में काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिली है और यह कई मौकों पर देश में सबसे ज्यादा बिकने वाली कॉम्पैक्ट एसयूवी भी रही है। अब दक्षिण कोरियाई ऑटोमेकर अपनी इस पेशकश को और भी खास बनाने के लिए इसे अपडेट करने की योजना बना रही है।
कंपनी हुंडई वेन्यू के अपडेट वर्जन को मई 2022 में भारत में लॉन्च कर सकती है। हालाँकि कंपनी द्वारा नई हुंडई वेन्यू फेसलिफ्ट की आधिकारिक लॉन्च तिथि और विवरण का खुलासा किया जाना बाकी है, लेकिन अपडेट मॉडल वर्तमान में अपने टेस्टिंग के अंतिम चरण में है और इसे कई मौकों पर देश में देखा गया है।
सामने आई तस्वीरें इस कार में किए गए कुछ डिज़ाइन परिवर्तनों की पुष्टि करते हैं। कार के कॉस्मेटिक अपग्रेड की बात करें तो इसमें नए डिजाइन वाले पैरामीट्रिक डायनेमिक्स ग्रिल की सुविधा होगी, जो नई जेनरेशन टक्सन से लिया गया है। यही यूनिट आगामी हुंडई क्रेटा फेसलिफ्ट में भी देखने को मिलेगी, जिसे भारत में 2022 की दूसरी छमाही में पेश किया जा सकता है।
वेन्यू के फ्रंट में संशोधित स्प्लिट एलईडी हेडलैंप और बम्पर होने की संभावना है, जबकि साइड प्रोफाइल मौजूदा मॉडल के समान ही रहने की उम्मीद है। साथ ही कार में नए डिजाइन वाले अलॉय व्हील की उम्मीद की जा सकती है और इसमें पूरी तरह से संशोधित रियर सेक्शन होगा, जिसमें टेलगेट तक फैले एकीकृत एलईडी तत्वों के साथ नए एल-आकार के टेललैम्प्स, फॉक्स स्किड प्लेट और नए इंसर्ट के साथ अपडेटेड बम्पर होगा।
हालाँकि फेसलिफ्टेड वेन्यू के इंटीरियर का कोई विवरण उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन कार में नई सीट अपहोल्स्ट्री और नई इंटीरियर थीम के साथ-साथ कई नए फीचर्स मिलने की संभावना है। वर्तमान में इसे हुंडई की ब्लूलिंक कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, ऑटो क्लाइमेट कंट्रोल, रियर एसी वेंट, वायरलैस मोबाइल चार्जिंग, क्रूज कंट्रोल, पुश बटन स्टार्ट-स्टॉप, 8.0 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और सनरूफ आदि मिलते हैं।
हुंडई वेन्यू के इंजन में कोई परिवर्तन नहीं होगा। इस तरह यह पहले की तरह 1.2-लीटर, नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल (83 बीएचपी की पावर), 1.0-लीटर, टर्बो पेट्रोल (120 बीएचपी की पावर) और 1.5-लीटर, डीजल इंजन द्वारा संचालित होती रहेगी, जबकि ट्रांसमिशन विकल्पों में 5-स्पीड मैनुअल, 6-स्पीड मैनुअल, iMT क्लचलेस मैनुअल और 7-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स शामिल होगा।