
हुंडई क्रेटा फेसलिफ्ट को भारत में एक्सटीरियर और इंटीरियर में कई अपडेट और कुछ नए फीचर्स के साथ लॉन्च किया जाएगा
दक्षिण कोरियाई कार निर्माता कंपनी हुंडई भारत में अपनी टॉप सेलिंग एसयूवी क्रेटा के फेसलिफ्ट वर्जन को लॉन्च करने की योजना बना रही है। खबरों की मानें तो क्रेटा फेसलिफ्ट को भारत में संभवतः 2022 के अंत या 2023 की शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है। यह अपडेटेड एसयूवी पहले से ही इंडोनेशिया और थाईलैंड सहित कुछ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बिक्री पर है।
इंडियन स्पेक क्रेटा फेसलिफ्ट को कई कॉस्मेटिक अपग्रेड मिलेंगे और इसमें एक नया फ्रंट फेसिया देखने को मिलेगा। कार में इंटीग्रेटेड एलईडी डीआरएल के साथ एक बड़ा फ्रंट ग्रिल होगा, जबकि सिल्वर फिनिश्ड हाइलाइट्स और चौड़े एयर डैम के साथ फ्रंट बंपर को भी फिर से डिज़ाइन किया जाएगा। हालाँकि साइड प्रोफाइल के पूरी तरह से अपरिवर्तित रहने की संभावना है।
एसयूवी के रियर में नए डिजाइन वाले टेललाइट्स, अपडेटेड टेलगेट और इंटीग्रेटेड स्टॉप लैंप के साथ एक रूफ-माउंटेड स्पॉइलर मिलेगा। हालाँकि एसयूवी के इंटीरियर में डैशबोर्ड, सेंटर कंसोल आदि के डिज़ाइन में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं करते हैं, लेकिन इसमें अपहोल्स्ट्री अलग हो सकती है और इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर को फुली डिजिटल सिस्टम में अपग्रेड किए जाने की संभावना है।
उम्मीद है कि एसयूवी को बहुत सारी अतिरिक्त सुविधाएं और उपकरण दिए जाएंगे। हुंडई क्रेटा फेसलिफ्ट को सबसे बड़ा बदलाव के तौर पर एडवांस ड्राइवर असिस्ट सिस्ट (ADAS) मिल सकता है, जिसमें ऑटोनॉमस इमरजेंसी ब्रेकिंग, लेन कीप असिस्ट के साथ कोलिजन अलर्ट, ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटरिंग, अडैप्टिव क्रूज़ कंट्रोल, रियर क्रॉस ट्रैफिक अलर्ट आदि शामिल होगा।
यह फीचर्स एसयूवी की समग्र सुरक्षा गुणवत्ता को बेहतर बनाने में मदद करेगा और ग्लोबल एनसीएपी क्रैश टेस्ट में रेटिंग परिणाम को बदलने में मदद करेगा। कंपनी द्वारा कुछ नई कनेक्टेड सुविधाओं के साथ ब्लूलिंक कनेक्टेड कार सिस्टम को भी अपग्रेड किया जाएगा, हालाँकि 10.25-इंच इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन वही रहेगी।
वर्तमान में क्रेटा के साथ उपलब्ध सुविधाएं जैसे वेंटिलेटेड फ्रंट सीटे, पैनोरैमिक सनरूफ, केबिन एयर प्यूरीफायर, वायरलेस स्मार्टफोन चार्जर और ऑटोमेटिक क्लाइमेट कंट्रोल आदि की पेशकश जारी रहेगी। वर्तमान में इसकी कीमत 10.28 लाख रूपए से लेकर 18.02 लाख रूपए (एक्स-शोरूम) तक जाती है, इसलिए अपडेट मॉडल की कीमत थोड़ी ज्यादा होगी। भारत में लॉन्च होने पर हुंडई क्रेटा फेसलिफ्ट का मुकाबला किआ सेल्टोस, स्कोडा कुशाक, फक्सवैगन तैगुन और एमजी एस्टर जैसी कारों से जारी रहेगा।
हालाँकि फेसलिफ्ट अपडेट के साथ क्रेटा के इंजन में कोई बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। इस तरह यह 1.5-लीटर, नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल (115 पीएस की पावर /144 एनएम का टॉर्क), 1.4-लीटर, 4-सिलिंडर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल (140 पीएस की पावर/220 एनएम का टॉर्क) और 1.5-लीटर, टर्बो-डीजल (115 पीएस की पावर /250 एनएम का टॉर्क) इंजन के साथ जारी रहेगी। ट्रांसमिशन विकल्पों में 6-स्पीड मैनुअल, 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक और 7-स्पीड DCT शामिल होगा।