2021 रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 भारत में 27 अगस्त को हो सकती है लॉन्च

नई जेनरेशन रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 को पावर देने के लिए 349 सीसी, एयर-ऑयल कूल्ड इंजन मिलेगा, जो कि 20.2 बीएचपी की पावर और 27 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करता है

लंबे इंतजार के बाद आखिरकार नई जेनरेशन रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 की लॉन्च डेट सामने आ गई है और यह जल्द ही खरीददारों को लिए शोरूम में उपलब्ध होगी। भारत में नई जेनरेशन क्लासिक 350 को आगामी 27 अगस्त को लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि अभी तक कंपनी ने इस बाइक के बुकिंग की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन कुछ डीलरशिप पर इसकी अनौपचारिक बुकिंग शुरू हो गई है।

बता दें कि भारत में क्लासिक 350 अपने सेगमेंट में सबसे ज्यादा बिकने वाली मोटरसाइकिल है और कंपनी ने मूलतः अपनी इस पेशकश को और भी आकर्षक बनाने के लिए नए जेनरेशन को लॉन्च करने जा रही है। नए मॉडल के साथ मोटरसाइकिल के क्लासिकल रेट्रो लुक को बरकरार रखा जाएगा, लेकिन मोटरसाइकिल में कई बड़े बदलाव देखें जाएंगे, जिसकी जानकारी हाल ही में सामने आई कई तस्वीरें दे चुकी हैं।

नई क्लासिक 350 में राउंड हेडलैंप, टियर-ड्रॉप शेप्ड फ्यूल टैंक और टर्न इंडिकेटर्स, और चौड़े रियर फेंडर जैसे सिग्नेचर रेट्रो एलिमेंट हैं। मोटरसाइकिल अपने मिड सेट फुट पेग्स और एर्गोनोमिकली शेप्ड हैंडलबार के साथ एक आरामदायक राइडिंग स्टांस प्रदान करती है। बदली गई सीटों के साथ राइडर को पहले से ज्यादा आराम मिलने की उम्मीद है और खरीददारों के लिए यह सिंगल-सीट और डुअल-सीट वेरिएंट में उपलब्ध होगी।2021-Royal-Enfield-classic-3503.jpegनई क्लासिक 350 को नए कलर विकल्प भी मिलेंगे और थीम के आधार पर यह ब्लैक-आउट लुक को सपोर्ट कर सकती है या इसमें क्रोम-हैवी स्टाइलिंग हो सकती है। क्रोम फिनिश के लिए योग्य पार्ट में हेडलैंप काउल, टर्न इंडिकेटर्स, हैंडलबार, फ्रंट और रियर सस्पेंशन, रिम्स, इंजन और एग्जॉस्ट शामिल हैं। हालांकि बाइक के वेरिएंट और सभी कलर विकल्प का खुलासा इसकी लॉन्च के साथ होगा।

नई क्लासिक 350 के अन्य अपडेट में सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल है, जो कि एनालॉग स्पीडोमीटर व ओडोमीटर और फ्यूल इंडीकेटर के लिए एक डिजिटल डिस्प्ले को जोड़ती है। बाइक को ट्रिपर नेविगेशन सिस्टम से भी लैस किया जाएगा, जो कि गंतव्य के लिए नेविगेशनल एरो प्रदर्शित करता है। यह ब्लूटूथ के माध्यम से यूजर्स के स्मार्टफोन के साथ जुड़कर कार्य करता है।2021-Royal-Enfield-classic-3501.jpegपरफार्मेंस और राइडिंग क्वालिटी में नई क्लासिक 350 अपने मौजूदा मॉडल की तुलना में कहीं ज्यादा बेहतर होगी और इसे हाल ही में लॉन्च की गई मीटिओर 350 के J1D प्लेटफॉर्म पर विकसित किया गया है। 2021 क्लासिक 350 मोटरसाइकिल 349 सीसी, एयर-ऑयल कूल्ड इंजन को मीटिओर के साथ साझा करेगी। यह इंजन 20.2 बीएचपी की पावर और 27 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करता है, जो कि 5-स्पीड ट्रांसमिशन के साथ जुड़ा है।