2021 महिंद्रा बोलेरो ड्यूल-टोन रंग के साथ आई नज़र

2021 Mahindra bolero

2021 महिंद्रा बोलेरो को रेड और ग्रे पेंट रंग मिला है ओर इसके साथ ही हेडलैंप क्लस्टर में बदलाव किया गया है

महिंद्रा भारतीय बाजार के लिए अपने कई नए वाहनों पर कार्य कर रही है, जिसमें W601 एसयूवी का प्रोडक्शन नाम आधिकारिक तौर पर एक्सयूवी700 है। इसके अलावा कंपनी ने महिंद्रा एक्सयूवी100, महिंद्रा एक्सयूवी400 और महिंद्रा एक्सयूवी900 के लिए ट्रेडमार्क दायर किया है।

इसके अलावा महिंद्रा भारत में दो दशकों तक बिक्री करने के बाद अपनी लोकप्रिय एसयूवी महिंद्रा स्कॉर्पियो के नए जेनरेशन को भी लाने जा रही है, जिसे कई बार भारत की सड़कों पर कई बार टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जबकि महिंद्रा के पास पाइपलाइन में एक्सयूवी 300 पर आधारित इलेक्ट्रिक एसयूवी भी है।

कंपनी महिंद्रा टीयूवी300 फेसलिफ्ट को बोलेरो निओ के नाम लॉन्च करने जा रही है। महिंद्रा की सबसे लोकप्रिय एसयूवी महिन्द्रा बोलेरो साल 2000 से बिक्री पर है और यह ग्रामीण खरीददारों के बीच ज्यादा लोकप्रिय है। संभवतः कंपनी इसके अपडेट वर्जन को लाने जा रही है।

2021 Mahindra bolero

दरअसल हाल ही में आश्चर्यजनक तरीके से बोलेरो के अपडेट वर्जन की कुछ तस्वीरों को देखा गया है। तस्वीरों से प्रतीत होता है कि 2021 महिंद्रा बोलेरो में कॉस्मेटिक बदलाव किए गए हैं, जिसमें ड्यूल टोन कलर शामिल है। एसयूवी में लाल रंग बोनट, पिलर्स और रूफ पर लगाया गया है जबकि ग्रे कलर को ग्रिल के चारों ओर, बंपर और फॉक्स स्किड प्लेट पर लगया गया है।

कंपनी ने हेडलैम्प्स में भी बदलाव किया है, जबकि सिग्नेचर वर्टिकल ग्रिल पहले जैसी है। हॉरिजेंटल आकार के रियर व्यू मिरर काले रंग के साथ है। हम इस मामूली अपडेट के साथ एसयूवी के मैकेनिकल में किसी भी परिवर्तन की उम्मीद नहीं हैं और इसे पावर देने के लिए 1.5 लीटर तीन-सिलेंडर mHawk75 टर्बोचार्ज्ड डीजल इंजन का इस्तेमाल किया जाना जारी रह सकता है।

Mahindra bolero

बोलेरो का यह इंजन 3,600 आरपीएम पर 75 बीएचपी की अधिकतम पावर और 1,600 आरपीएम पर 210 न्यूटन मीटर का टॉर्क उत्पन करता है। बोलेरो 16.7 किमी प्रति लीटर के माइलेज का दावा करती है। यह केवल पांच-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ आती है, जबकि कुछ ही दिनों पहले महिंद्रा ने बोलेरो रेंज की कीमतों में 26,005 रूपए की वृद्धि की है। वर्तमान में इसकी कीमत 8.40 लाख रूपए से लेकर और 9.39 लाख (एक्स-शोरूम, दिल्ली) रूपए तक है।