
नई पीढ़ी की महिंद्रा थार एक नए प्लेटफॉर्म पर बेस्ड है और पिछले मॉडल की तुलना में यह कई ट्रेंडी फीचर्स से लैस की गई है
आखिरकार महिंद्रा (Mahindra & Mahindra) ने दूसरे जेनरेशन की महिंद्रा थार (2020 Mahindra Thar) से पर्दा हटा दिया है और 2 अक्टूबर से इसकी बिक्री शुरू होगी। अनावरण के साथ महिंद्रा थार की कई विशेषताओं के बारे में जानकारी दी गई है और यह अपने पिछले म़ॉडल की तुलना में ज्यादा माडर्न दिखती है।
महिंद्रा ने थार की शुरूआत साल 2010 में की थी, लेकिन लगभग एक दशक तक मार्केट में रहने के बाद इसे साल 2020 की शुरूआत में भारत में नए उत्सर्जन मानदंडो के लागू होने के कारण बंद कर दिया। लगभग 8 महीनें तक बाजार से गायब रहने वाली थार एक बार फिर से अपने नए रूप में शोरूम को हिट करने करने के लिए तैयार है। नई थार को रफ और टफ बनाने के लिए इसमें कई बदलाव किए हैं। हम इस लेख में आपको नई थार और पुरानी थार में प्रमुख अंतर बताने जा रहे हैः
डिजाइन (Design)
नए मॉडल के साथ कंपनी ने फर्स्ट-जेनरेशन थार के क्लासिक और बॉक्सी सिल्हूट को बरकरार रखा है, लेकिन इसमें कई ऐसे बदलाव किए गए हैं, जो इसे बेहतर बनाते हैं। दूसरे जनरेशन की थार को एलईडी डीआरएलएस के साथ गोल हेडलैम्प के साथ एक नया 6-स्लेट ग्रिल मिला है। इसे एक नया फ्रंट बम्पर, उठे हुए फेंडर, ऑल-टेरेन टायर के साथ 18 इंच के अलॉय व्हील, एलईडी सिग्नेचर के साथ नई टेल लाइट और स्प्लिट टेलगेट भी मिला है।

नई थार में फ्रंट-फेसिंग सीटों का विकल्प भी मिलता है, हालांकि रियर बेंच में केवल दो यात्री बैठ सकते हैं, जबकि आउटगोइंग थार सॉफ्टटॉप के साथ उपलब्ध थी, लेकिन नया मॉडल सॉफ्ट-टॉप, हार्ड-टॉप और रिमूवेबल पैनल के साथ कन्वर्टिबल टॉप का विकल्प प्रदान करता है। कुल मिलाकर डिजाइन के मामले में नई थार आउटगोइंग मॉडल की तुलना में ज्यादा आकर्षक दिखती है।
फीचर्स (Features)
नया मॉडल अपेक्षाकृत ज्यादा फीचरफुल है, जिसमें स्मार्टफोन और स्मार्टवॉच कनेक्टिविटी के साथ 7 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, मल्टी-इंफॉर्मेशन डिस्प्ले के साथ सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल, स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल, एसी, क्रूज़ कंट्रोल, की-लेस एंट्री, फर्स्ट-इन-क्लास एडवेंचर स्टैटिस्टिक्स डिस्प्ले, ड्राइव हाइट एडजेस्टेबल सीट आदि शामिल हैं।

इसके विपरीत पहले जेनरेशन की थार को नई जेनरेशन की तुलना में बहुत कम फीचर्स मिले थे, जिसमें एसी, डबल-डिन म्यूजिक सिस्टम, एनालॉग स्पीडोमीटर और टैकोमीटर जैसे छोटे डिजिटल डिस्प्ले आदि शामिल थे। इस तरह स्पष्ट है कि महिंद्रा ने खरीदारों को आकर्षित करने के लिए कड़ी मेहनत की है।
सेफ्टी फीचर्स (Safety features)
आउटगोइंग मॉडल को अनिवार्य सुरक्षा मानदंडों और नए उत्सर्जन मानदंडों का पालन न करने के कारण बंद कर दिया गया था, लेकिन नए मॉडल में सेफ्टी फीचर्स में ड्यूल फ्रंट एयरबैग, ABS, EBD, ESP के साथ रोल-ओवर मिटिगेशन, हिल-होल्ड कंट्रोल, हिल-डिसेंट कंट्रोल आदि हैं।
स्पेसिफिकेशन (Specification)
आउटगोइंग थार बीएस4 नार्म्स वाले 2.5-लीटर वाले CRDe 4-सिलेंडर, टर्बोचार्ज्ड डीजल मोटर के साथ उपलब्ध थी जो 105 बीएचपी की पावर और 247 एनएम का टॉर्क जेनरेट करता था। इंजन को 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ रखा गया था, लेकिन नई जेनरेशन बीएस6 नार्म्स वाले 2.2-लीटर डीज़ल मोटर के साथ आएगी, जो 130 bhp की पावर और 320 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है।
2.2-लीटर डीज़ल पॉवरप्लांट 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स और 6-स्पीड टॉर्क-कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स विकल्प के साथ उपलब्ध होगी। इस बार नई थार को एक नया 2.0-लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन मिला है, जो 150 बीएचपी की पावर और 320 एनएम का टॉर्क जेनरेट करता है। यह यूनिट 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ उपलब्ध होगी।
ऑफ-रोडिंग क्षमताएं (Off-roading capabilities)

आउटगोइंग थार वैकल्पिक 4×4 ड्राइवट्रेन के साथ उपलब्ध थी, ताकि इसे किसी भी क्षेत्र में ले जाने के लिए मदद मिल सके, लेकिन नए मॉडल की पूरी रेंज में स्टैंडर्ड के रूप में मैकेनिकल डिफरेंशियल लॉक के साथ शिफ्ट-ऑन-फ्लाई 4×4 ट्रांसफर केज भी मिलता है। नई थार को ब्रेक लॉक डिफरेंस, 226 मीमी का ग्राउंड क्लीयरेंस, ऑल-टेरेन टायर्स को स्टैंडर्ड, इलेक्ट्रो-मैकेनिकल ड्राइवलाइन डिस्कनेक्ट (फ्रंट एक्सल के लिए) और बेहतर अप्रोच और डिपार्चर एंगल से पहले से बेहतर ऑफ-रोडर बनाने में मदद मिलती है।