
होंडा कार्स इंडिया (Honda Cars India) ने पांचवे जेनरेशन की होंडा सिटी (2020 Honda City) को भारत में V, VX और ZX तीन ट्रिम में पेश किया है
होंडा कार्स इंडिया (Honda Cars India) ने आखिरकार चार महीने की देरी से भारत में अपने नए जेनरेशन की प्रीमियम सेडान होंडा सिटी (2020 Honda City) को लॉन्च कर दिया है। यह होंडा सिटी की पांचवी जेनरेशन है और भारत में ग्राहकों के लिए यह कार V, VX और ZX तीन ट्रिम में उपलब्ध होगी। भारत में नई होंडा सिटी की कीमत 10.89 लाख रूपए से लेकर 14.64 लाख (एक्स-शोरूम, नई दिल्ली) तक है।
आपको बता दें कि इसके पहले थाईलैंड में पांचवें जेनरेशन की सिटी का खुलासा हुआ था और उसके कुछ दिन बाद इसे थाईलैंड में लॉन्च किया गया है, लेकिन भात में चल रहे हेल्थ क्राइसिस के कारण इसे स्थगित करना पड़ा था। नई जेनरेशन के साथ कंपनी ने कार के डिजाइन के साथ-साथ इंटीरिय़र में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं।
2020 होंडा सिटी पहले की तुलना में ज्यादा लम्बी और चौड़ी है और इसका व्हीलबेस भी पहले की तुलना में बेहतर है। फ्रंट एंड में ग्रिल के ऊपर होंडा के सिग्नेचर हॉरिजॉन्टल क्रोम स्लेट दिया है, होंडा सिटी में फुल-एलईडी हेडलैम्प्स, LED-DRLs, एलईडी टेललाइट्स, सनरूफ शामिल हैं। कुल मिलाकर नए मॉडल का बाहरी डिज़ाइन पिछले वाले की तुलना में ज्यादा शानदार दिखता है।
| Honda City | V | VX | ZX |
| Petrol Manual | Rs. 10,89,000 | Rs. 12,25,900 | Rs. 13,14,900 |
| Petrol Automatic | Rs. 12,19,900 | Rs. 13,55,900 | Rs. 14,44,900 |
| Diesel Manual | Rs. 12,39,900 | Rs. 13,75,900 | Rs. 14,64,900 |

इंटीरियर की बात करें तो केबिन में आल न्यू डैशबोर्ड डिज़ाइन है, कंपनी ने कार के साथ इंफोटेनमेंट सिस्टम के साथ अब एक बड़ा 8-इंच टचस्क्रीन पेश किया है, जो पहले पेश किए गए 7-इंच यूनिट के विपरीत है। कार को एलेक्सा कनेक्टिविटी के साथ Apple CarPlay और Android Auto भी मिलता है। नई होंडा सिटी का इंस्ट्रूमेंट कंसोल भी पूरी तरह से नया है और इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के दाईं ओर एक एनालॉग स्पीडोमीटर और बाईं ओर 7-इंच का मल्टी-इंफोर्मेशन डिस्प्ले भी है।
कार में जोड़ा गया एक अन्य फीचर लेन वॉच असिस्ट है, जो कार के बाईं तरफ निगरानी रखने के लिए बाएं विंग-मिरर में कैमरे का इस्तेमाल किया गया है। ड्राइवर के बाईं ओर मुड़ने पर यह सिस्टम सक्रिय हो जाता है। सेफ्टी फीचर्स में कार के साथ 6 एयरबैग, ईबीडी के साथ एबीएस, व्हीकल स्टेबिलिटी असिस्ट, रियर पार्किंग सेंसर, हिल स्टार्ट असिस्ट, डिफ्लेक्शन वार्निंग सिस्टम और रियर-व्यू कैमरा भी है।

नई होंडा सिटी को पावर देने के लिए एक नए बीएस6, 1.5-लीटर फोर-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन का इस्तेमाल किया गया है, जो कि 145 एनएम के पीक टॉर्क के साथ 121 पीएस की मैक्सिमम पावर जेनरेट करता है। सेडान का पिछला इंजन 1.5-लीटर डीजल इंजन भी पैकेज का हिस्सा है जो बीएस6 में अपग्रेड है और 100 पीएस की पावर और 200 एनएम का टॉर्क देता है।
ट्रांसमिशन में स्टैंडर्ड के रूप में 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स है, लेकिन पेट्रोल वेरिएंट को पैडल शिफ्टर्स के साथ ऑप्शनल CVT गियरबॉक्स के साथ पेश किया गया है। इसके अलावा होंडा कंपनी सिटी के पुराने एडिशन को नई कार के साथ रिप्लेस नहीं करेगी, बल्कि उसकी बिक्री भी नए जेनरेशन के साथ जारी रहेगी।