भारत में आने वाले महीनों में 2 नई रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिलें होंगी लॉन्च

रॉयल एनफील्ड भारत में हिमालयन 450 और बुलेट 350 के नए जेनरेशन को लॉन्च करेगी और दोनों की कीमतें प्रतिस्पर्धी होने की उम्मीद है

रॉयल एनफील्ड वर्तमान में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए कई नई मोटरसाइकिलों पर काम कर रही है, क्योंकि ट्रायम्फ स्पीड 400 और हार्ले-डेविडसन X440 जैसे नए मॉडलों के आगमन के कारण 350-450 सीसी एंट्री-लेवल मिडिलवेट सेगमेंट पहले से कहीं अधिक प्रतिस्पर्धी हो गया है। लिहाजा रॉयल एनफील्ड इसे और ज्यादा प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए जल्द ही अपने पोर्टफोलियो में अधिक मोटरसाइकिल जोड़ने पर विचार करेगा।

रॉयल एनफील्ड नई 350 सीसी, 450 सीसी, 750 सीसी और 650 सीसी मोटरसाइकिलों की एक पूरी नई सीरीज को विकसित कर रही है, जबकि इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल भी योजना में शामिल है। यहाँ हमने इस साल होने वाले आगामी लॉन्च के बारे में विस्तार से जानकारी दी है।

1. रॉयल एनफील्ड हिमालयन 450

रॉयल एनफील्ड हिमालयन 450 का टीजर पहले ही कई बार जारी किया जा चुका है और सीएस संतोष को ब्रांड की एक नई बाइक को ऑफ-रोड ट्रैक पर चलाते हुए देखा गया है। कई महीने पहले रॉयल एनफील्ड के प्रबंध निदेशक लाल ने इसकी एक तस्वीर पोस्ट की थी। यह लिक्विड-कूल्ड इंजन के साथ 450 सीसी रेंज वाला पहला रॉयल एनफील्ड मॉडल होगा। हिमालयन 450 एक बिल्कुल नए 450 सीसी सिंगल-सिलेंडर लिक्विड-कूल्ड इंजन से लैस होगी, जो कि लगभग 40 बीएचपी का पावर विकसित करेगा।

royal-enfield-himalyan-450-6.jpg

इसे 6-स्पीड ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा जाएगा। फीचर्स में डुअल-चैनल एबीएस सिस्टम, आल एलईडी लाइटिंग, अपसाइड-डाउन फ्रंट फोर्क्स, ऑफ-सेट मोनोशॉक रियर सस्पेंशन आदि शामिल होंगे। इसे पोर्टफोलियो में मौजूदा हिमालयन 411 के ऊपर रखा जाएगा और यह एक नए प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी। इसे सीधे केटीएम 390 एडवेंचर के खिलाफ खड़ा किया जाएगा और इसकी शुरुआती कीमत लगभग 2.5 लाख रूपए (एक्स-शोरूम) हो सकती है।

2. नई जेनरेशन रॉयल एनफील्ड बुलेट 350

2022-royal-enfield-bullet-350-3

नई जेनेरशन रॉयल एनफील्ड बुलेट 350 को कई बार टेस्टिंग के दौरान देखा गया है और अगले दो महीनों के भीतर इसे लॉन्च किया जाएगा। इसमें प्लेटफॉर्म, मैकेनिकल बिट्स और एसओएचसी एयर और ऑयल-कूल्ड इंजन सहित नई क्लासिक 350 के साथ बहुत कुछ समान होगा। बता दें कि रॉयल एनफील्ड क्लासिक के सिंगल-सीटर वर्जन पर भी काम कर रही है और इसे इस साल के अंत से पहले पेश किया जा सकता है।