मारुति सुजुकी कथित तौर पर जनवरी 2022 के आसपास अपनी प्रमुख एमपीवी मारूति एक्सएल6 को बीएस6 1.5-लीटर डीजल इंजन के साथ पेश करेगी
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड अगले साल की शुरूआत में अपनी प्रमुख एमपीवी मारूति एक्सएल6 को बीएस6 मानकों वाले 1.5-लीटर डीजल इंजन के साथ लॉन्च कर सकती है। इस तरह देश में बीएस6 डीजल इंजन के साथ लॉन्च होने वाली एक्सएल6 मारूति की पहली कार बन जाएगी। इसके पहले देश में बीएस6 मानकों के लागू होने के बाद मारूति ने डीजल इंजन के साथ कारों को पेश करना बंद कर दिया था।
रिपोर्ट के मुताबिक मारूति सुजुकी अपनी एमपीवी एर्टिगा के साथ-साथ मिड-साइज़ सेडान सियाज और कॉम्पैक्ट एसयूवी विटारा ब्रेजा को भी इस इंजन के साथ पेश कर सकती है। इस वक्त देश की इस सबसे बड़ी कार निर्माता के पास अपने लाइनअप में कोई डीजल इंजन नहीं है और कंपनी ने 1 अप्रैल 2020 के पहले अपने बीएस4 मानकों वाले 1.3-लीटर चार-सिलेंडर DDiS डीजल यूनिट को बंद कर दिया था।
दूसरी ओर हुंडई और किआ जैसी कंपनियों ने वास्तव में डीजल इंजन के साथ कारों की बिक्री को जारी रखा है और इसका फायदा भी इन कंपनियों को मिला है। इन दोनों कंपनियों के कॉम्पैक्ट और मिड-साइज़ एसयूवी सेगमेंट में बीएस6 डीजल इंजन हावी है। हालांकि पेट्रोल इंजनों की पैठ भी अलग-अलग सेगमेंट में बढ़ी है, लेकिन डीजल पावरट्रेन की प्राथमिकता कम से कम एसयूवी सेगमेंट में पेट्रोल के मुकाबले ज्य़ादा प्रतीत होती है।

इस तरह अब मारुति सुजुकी को प्रतीत हो रहा है कि देश में फिर से डीजल इंजन को वापस लाया जाना चाहिए, क्योंकि पेट्रोल कारों का दबदबा एंट्री-लेवल स्पेस में ही ज्यादा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इंडो-जापानी निर्माता अपने इस 1.5-लीटर डीजल यूनिट पर पिछले 12 महीने से भी ज्यादा समय से हरियाणा के अपने मानेसर प्लांट में कार्य कर रही है।
रिपोर्ट का कहना है कि बीएस6 डीजल मोटर को जनवरी 2022 के आसपास एक्सएल6 के साथ पेश कर सकती है, जबकि बाद के चरणों मे इसका इस्तेमाल विटारा ब्रेज़ा और एर्टिगा सहित अन्य मॉडलों में होगा। ब्रेजा की प्रमुख कॉम्पिटेटर हुंडई वेन्यू और किआ सोनेट तीन पावरट्रेन के साथ पेश की जाती हैं, जबकि दूसरी ओर ब्रेजा इस वक्त केवल मैनुअल और एटी विकल्पों के साथ 1.5-लीटर K15B माइल्ड-हाइब्रिड पेट्रोल इंजन के साथ पेश की जाती है।

इसके पहले ब्रेजा को केवल 1.3-लीटर DDiS 200 डीजल के साथ पेश किया गया था। डीजल से चलने वाली मारुति सुजुकी विटारा ब्रेज़ा के अगले फरवरी 2022 ऑटो एक्सपो में शुरू होने की उम्मीद है। सियाज में भी कथित तौर पर वही इंजन होगा और पहले इस सेडान में 1.5-लीटर डीजल यूनिट भी लगाया गया था। रिपोर्ट के अनुसार रिबैज टोयोटा मॉडल्स को भी डीजल इंजन की आपूर्ति की जाएगी।